हिंदी
Rampur: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के तहसील शाहबाद क्षेत्र के गांव कूप में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गांव निवासी श्याम लाल के बेटे राजा उर्फ राजकुमार की शादी बरेली जनपद के आंवला क्षेत्र के सुरजनपुर से हुई थी। शादी के बाद दुल्हन के साथ बारात सुबह घर लौट आई थी। घर में खुशियों का माहौल था और मेहमानों की विदाई की तैयारी चल रही थी।
इसी बीच दोपहर करीब 4 बजे कुछ युवक रामगंगा नदी की ओर गए। परिवार और रिश्तेदार शादी की थकान उतारने और मंढा सिरहाने की परंपरा के तहत नदी पहुंचे थे। लेकिन किसी को यह अंदाजा नहीं था कि यह यात्रा एक बड़े हादसे में बदल जाएगी।
नदी में नहाने के दौरान अचानक 6 युवक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए। इनमें दूल्हे के भाई नन्हें (30) और करन (20) के साथ उनके दोस्त लकी, संदीप और बरेली से आए ममेरे भाई कल्लू और मुन्ना शामिल थे। कुछ ही देर में सभी युवक पानी में डूबने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
Basti News: कुआनो नदी से अधेड़ का शव मिलने से हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
ग्रामीणों ने तुरंत शोर मचाया और मदद के लिए तैराकों को बुलाया गया। स्थानीय लोगों की मदद से करन, लकी, संदीप और कल्लू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लेकिन नन्हें और मुन्ना तेज लहरों में बह गए और लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से घंटों की तलाश के बाद दूल्हे के भाई नन्हें और उसके साथी मुन्ना को अचेत अवस्था में बाहर निकाला गया। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हायर सेंटर ले जाते समय दोनों ने दम तोड़ दिया।
Maharajganj News: कर्ज देने में देरी से बिफरे डीएम, बैंक मैनेजरों को दी ये चेतावनी
दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। घर में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में कुछ घंटे पहले शादी की रौनक थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर आंख नम है।
Location : Rampur
Published : 28 April 2026, 8:04 PM IST