हिंदी
गांव में घुसा गंगा का पानी (Img: Dynamite News)
Farrukhabad: फर्रुखाबाद में लगातार हो रही बारिश और गंगा में छोड़े गए पानी के कारण जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसका असर अब गंगा किनारे बसे गांवों में साफ दिखाई देने लगा है। समयचीपुर चितार गांव में बाढ़ का पानी घरों तक पहुंच गया है, जबकि एक गांव का संपर्क मार्ग टूटने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। ग्रामीणों में भय और प्रशासन के प्रति नाराजगी है।
फर्रुखाबाद जिले में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने से गंगा पार के कई गांव बाढ़ की चपेट में आने लगे हैं। समयचीपुर चितार गांव में बाढ़ का पानी घरों में घुसने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। ग्रामीण अपने घरों से सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं और पशुओं को भी ऊंचे स्थानों पर ले जाया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- Farrukhabad: उफान पर गंगा, कई गांवों पर मंडराया बाढ़ का खतरा, प्रशासन अलर्ट मोड में
वहीं, बढ़ते जलस्तर के कारण एक गांव को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग भी टूट गया है, जिससे आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। गांव के लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और किसानों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस जर्जर पुलिया की मरम्मत की मांग पिछले एक वर्ष से की जा रही थी, उसकी मरम्मत नहीं कराई गई। अब बढ़ते पानी के दबाव से पुलिया पूरी तरह टूट गई है, जिससे गांव का संपर्क आसपास के क्षेत्रों से कट गया है। लोगों ने प्रशासन से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था और पुलिया के पुनर्निर्माण की मांग की है।
ये भी पढ़ें - Farrukhabad: गंगा का बढ़ता जलस्तर बना चिंता का कारण, जानिए किन गांवों पर मंडराया डूबने का खतरा?
हालांकि प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने की जरूरत है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।फिलहाल गंगा का जलस्तर बढ़ने के साथ बाढ़ का खतरा बना हुआ है। यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा, तो आसपास के अन्य गांव भी इसकी चपेट में आ सकते हैं।
Location : Farrukhabad
Published : 2 August 2026, 4:25 PM IST
Topics : farrukhabad news flood alert Ganga River UP News