हिंदी
सिसवा में तीन बच्चों के डूबने से मचा हड़कंप (Img: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज जनपद के सिसवा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 25 मीराबाई नगर स्थित नव निर्माण पोखरे में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पोखरे में नहाने गए तीन मासूम बच्चे अचानक गहरे पानी में डूब गए। बच्चों के डूबने की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर तीनों बच्चों को बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों की मदद से तीनों बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन दो बच्चों की हालत बेहद गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं एक बच्चे का उपचार जारी है।
ये भी पढ़ें- पापा फंदे से लटके थे, मम्मी चिल्ला रही थी और मासूम बनाता रहा वीडियो, आखिर कैसे खूबसूरत लव मैरिज को लगा ग्रहण?
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे इलाके में मातम और चिंता का माहौल है। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाने में लग गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नव निर्माण पोखरे पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। अगर पोखरे के चारों ओर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा व्यवस्था होती तो शायद इस तरह का हादसा टाला जा सकता था। लोगों ने प्रशासन से पोखरे की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है।
ये भी पढ़ें- बिन मां के बच्चे से ऐसी क्या दुश्मनी… गोरखपुर में मौसा की दुकान पर जाते समय मासूम की हत्या, 15 साल का किशोर भी घायल
फिलहाल दोनों गंभीर बच्चों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पूरे क्षेत्र में बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की दुआ की जा रही है।
Location : Maharajganj
Published : 2 August 2026, 3:14 PM IST