हिंदी
रायबरेली: बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से त्रस्त किसानों का आक्रोश सोमवार को फूट पड़ा। दर्जनों गांवों के किसान और उपभोक्ता सुबह से ही खीरों विद्युत उपकेंद्र पर एकत्र हो गए और बिजली व्यवस्था की बदहाली को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। अधिकारियों की गैरमौजूदगी से नाराज किसानों ने पहले पावर हाउस का मुख्य गेट बंद किया, फिर सड़क पर उतर आए और खीरों-निहस्था मार्ग के बाद रायबरेली-खीरों हाईवे को भी जाम कर दिया।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक, करीब एक घंटे अधिक यातायात पूरी तरह ठप रहा। मौके पर पहुंचे खीरों थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद खीरों निहस्था रोड पर धरना जारी रहा। बाद में पहुंचे न्याब तहसीलदार शंभू शरण पांडे के आश्वासन पर किसान शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त किया।
रातभर गुल रहती है बिजली, दिन में भी 2-3 घंटे ही सप्लाई
प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना था कि खीरों उपकेंद्र से जुड़ी ग्राम पंचायतों में बिजली की हालत बेहद खराब है। रातभर बिजली गुल रहती है और दिन में मुश्किल से दो-तीन घंटे ही आपूर्ति होती है। उस पर भी लो वोल्टेज से इनवर्टर तक चार्ज नहीं हो पाते, फसल सिंचाई तो दूर की बात है।
50 हजार रुपये खर्च
किसान हरिकेश त्रिवेदी ने बताया कि लगातार लो वोल्टेज और बिजली कटौती की वजह से उनकी धान की रोपाई ठप है। अब तक 50 हजार रुपये खर्च कर चुके हैं और परिवार पर कर्ज का बोझ बढ़ गया है। हालात इतने खराब हैं कि आत्महत्या की नौबत आ गई है।किसान राना सिंह ने कहा कि बिजली मिलती ही नहीं, और जब मिलती है तो वोल्टेज इतना कम होता है कि चक्की तक नहीं चल पाती, घर का आटा पिसवाना भी मुश्किल हो गया है।
बिजली की आपूर्ति समय से नहीं
वहीं गुड्डू सिंह ने आरोप लगाया कि बिजली के नाम पर पावर हाउस कर्मचारी उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा कराते हैं, फिर भी व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। “चार्ज तो सब वसूला जाता है, लेकिन बिजली नहीं दी जाती,” उन्होंने कहा।धरना प्रदर्शन कर रहे किसानों और ग्रामीणों ने प्रशासन को चेताया कि अगर बिजली की आपूर्ति समय से नहीं की गई और लो वोल्टेज की समस्या दूर नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
उप जिलाधिकारी मिथिलेश त्रिपाठी का कहना है मौके पर नायाब तहसीलदार शंभू शरण पांडे को भेजा गया है। बिजली विभाग की उच्च अधिकारियों से बात की जा रही है 24 घंटे के अंदर बिजली की सारी व्यवस्थाएं सही कराई जाएगी।
Location : Raebareli
Published : 7 July 2025, 7:48 PM IST