वाराणसी में कांग्रेस नेताओं पर फर्जी मुकदमा! खजनी तहसील में धरना

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत कई कांग्रेस नेताओं पर वाराणसी में दर्ज फर्जी मुकदमे को वापस लेने की मांग को लेकर कांग्रेस नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को खजनी तहसील मुख्यालय पर कांग्रेसियों ने जोरदार धरना प्रदर्शन किया।

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत कई कांग्रेस नेताओं पर वाराणसी में दर्ज फर्जी मुकदमे को वापस लेने की मांग को लेकर कांग्रेस नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को खजनी तहसील मुख्यालय पर कांग्रेसियों ने जोरदार धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेसी नेताओं ने उपजिलाधिकारी खजनी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा और कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज उठाना कोई अपराध नहीं, प्रदेश सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए जनप्रतिनिधियों पर फर्जी मुकदमे कर रही है।

डाइनामाइट न्यूज रिपोर्ट अनुसार के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिला कांग्रेस कमेटी गोरखपुर के सचिव बद्री विशाल शुक्ला के नेतृत्व में कार्यकर्ता सुबह ही तहसील परिसर में एकत्र हो गए। धरने का नेतृत्व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं जिला उपाध्यक्ष विक्रमादित्य प्रसाद ने किया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन कर रही है। मुकदमा दर्ज कर नेताओं को डराने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी।

धरने को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव (विधि प्रकोष्ठ) सत्य प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा सरकार में लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। वरिष्ठ नेता पारस चंद कौशिक ने कहा कि जनता की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी। ब्लॉक अध्यक्ष उरुआ मोतीलाल, विवेकानंद यादव, जिला सचिव मुस्ताक अहमद, सुनीता देवी, जहीरूद्दीन, रणविजय, संतोष उपाध्याय, ज्ञान नारायण शाही, मृत्युंजय शाही सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने धरने में भाग लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेशव्यापी आंदोलन करेंगे और सड़कों पर उतर कर लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करेंगे। धरने में महिलाओं और युवाओं की भी अच्छी भागीदारी रही, जिससे माहौल गरमा गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जनता की लड़ाई लड़ना ही कांग्रेस का धर्म है और सरकार की तानाशाही के आगे कांग्रेस झुकने वाली नहीं है।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 14 July 2025, 3:37 PM IST