हिंदी
युवक की पीट-पीटकर हत्या
Gorakhpur: जनपद के बांसगांव थाना क्षेत्र के कस्बा इलाके में शुक्रवार को जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कस्बे में पाइपलाइन बिछाने के दौरान जमीन के स्वामित्व को लेकर तीन पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इसी दौरान अग्निवेश सिंह, नितेश सिंह और दूसरे पक्ष के सौरभ सिंह के बीच कहासुनी बढ़ गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि मारपीट के दौरान अग्निवेश सिंह को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त फोर्स बुला ली गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
हिंसा के दौरान बांसगांव के पत्रकार नितेश सिंह पर भी हमला किए जाने की सूचना है। बताया जा रहा है कि वे पत्रकार होने के साथ-साथ दीवानी न्यायालय बांसगांव में अधिवक्ता भी हैं। हमले में उन्हें चोटें आई हैं और उनका उपचार कराया जा रहा है। इस घटना से मीडिया कर्मियों और अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है।
शराब घोटाला मामले में CBI को डबल झटका, जांच अधिकारी के खिलाफ जांच की सिफारिश
फिलहाल कस्बे में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। संभावित विरोध और सड़क जाम की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के पीछे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारों की भूमिका की जांच जारी है। पूरे प्रकरण को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।
Location : Gorakhpur
Published : 27 February 2026, 3:24 PM IST
Topics : GKP news hindi Gorakhpur Dn news up news hindi