हिंदी
पुलिस मुठभेड़
Muzaffarnagar: सुबह का वक्त था, लेकिन माहौल में सन्नाटा और खौफ दोनों तैर रहे थे। गोलियों की आवाज ने मंडवाड़ा-बुढ़ाना मोड़ पर हड़कंप मचा दिया। पिछले चार दिनों से इलाके में दहशत फैलाने वाले दो इनामी बदमाश आखिरकार पुलिस की गोली का शिकार होकर दबोच लिए गए। पुलिस ने गुरुवार तड़के मुठभेड़ के दौरान 15-15 हजार के इनामी आमिर और समद को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर हाल ही में दिनदहाड़े फायरिंग कर इलाके में खौफ फैलाने का आरोप था।
घटना बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र की है। मंडवाड़ा-बुढ़ाना रोड पर पुलिस संदिग्ध वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों भागने लगे। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें दोनों के पैरों में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े।
मुजफ्फरनगर: ऑल्ड टायर प्लांट की बंद होने वाली घटना में खुला बड़ा राज, मालिक ने किया सनसनीखेज खुलासा
मौके से पुलिस ने दो देशी तमंचे, दो जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की। घायल बदमाशों को तुरंत सीएचसी बुढ़ाना में भर्ती कराया गया। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर रही है।
पिछले चार-पांच दिनों में आमिर और समद ने दो अलग-अलग युवकों, अय्यान और दानिश, पर खुलेआम फायरिंग की थी। दोनों घटनाएं CCTV कैमरों में कैद हुई थीं और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थीं। इसके बाद पूरे कस्बे में दहशत का माहौल बन गया था। लोग घरों से निकलने में भी डर महसूस कर रहे थे।
मुजफ्फरनगर में शिव मंदिर में महंत पर हमला, मूर्तियों की खंडित
सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि बदमाशों ने पुलिस को जान से मारने की नीयत से फायर किया था। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हुए। उन्होंने बताया कि दोनों पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित था और ये मंडवाड़ा क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले सक्रिय अपराधी थे। फिलहाल दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 19 February 2026, 1:56 PM IST
Topics : Budhana Muzaffarnagar Crime Muzaffarnagar Police Encounter muzaffarnagar news Muzaffarnagar Police