हिंदी
महंत पर हमला
Muzaffarnagar: जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हरसोली गांव में स्थित शिव मंदिर के महंत और उनके सेवादार पर गांव के ही तीन लोगों ने बीती 16 फरवरी की रात बुरी तरह हमला किया और मंदिर की मूर्तियों को भी खंडित कर दिया। घटना का पूरा वीडियो मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
महंत पुष्कर नाथ ने बताया कि घटना की रात आरोपी सोहनवीर उर्फ पिंटू, उसका बेटा अजय और भांजा अरुण उर्फ कलुआ शराब के नशे में मंदिर पहुंचे। पहले उन्होंने सेवादार नितिन को पकड़कर जमकर मारपीट की और उसके बाद महंत के साथ भी बदसलूकी की। आरोप है कि उन्होंने महंत के पीछे कट्टा लेकर भागने की कोशिश की। महंत ने बताया कि आरोपी मंदिर की बड़ी मूर्तियों को तोड़ रहे थे और खुद उनकी पगड़ी और जनेऊ को भी नुकसान पहुँचाने का प्रयास किया।
मंदिर परिसर के सीसीटीवी कैमरे ने घटना का पूरा सच रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में आरोपियों का महंत के साथ गाली-गलौज करते हुए हंगामा करते हुए नजर आना स्पष्ट है। वीडियो वायरल होने के बाद महंत ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि महंत की तहरीर के आधार पर शाहपुर थाना में मारपीट और मूर्ति तोड़ने का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने छानबीन कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
महंत पुष्कर नाथ ने कहा कि घटना उस समय हुई जब मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा और भंडारे की तैयारी चल रही थी। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने पहले दो दिन तक पूरा सहयोग किया, लेकिन बाद में गांव के प्रधान के परिवार के सदस्यों ने हिंसक रूप धारण कर मंदिर में उत्पात मचाया। उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर की मूर्तियां मकराना पत्थर की महंगी मूर्तियां थीं, जिन पर 50 लाख रुपये खर्च किए गए थे।
Location : Muzaffarnagar
Published : 18 February 2026, 9:43 PM IST