हिंदी
Symbolic Photo
Amethi: अमेठी में गन प्वाइंट पर लूट की खबर ने इलाके में सनसनी फैला दी। जनसेवा केंद्र संचालक ने जब बैग लूटे जाने की सूचना दी तो पुलिस फौरन हरकत में आ गई। लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, कहानी में ऐसे मोड़ आए कि मामला सीधा लूट का नहीं बल्कि पुरानी रंजिश की ओर इशारा करने लगा। अब पुलिस हर एंगल से पड़ताल में जुटी है।
बाजार शुक्ल थाना क्षेत्र में रहने वाले मान सिंह यादव ने यूपी-112 पर सूचना दी कि मंगलवार शाम वह अपना जनसेवा केंद्र बंद कर घर लौट रहे थे। घर से करीब 700 मीटर पहले तीन अज्ञात युवकों ने बाइक खड़ी कर उन्हें रोक लिया और सिर पर तमंचा लगाकर उनका बैग छीन लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जांच में सामने आया रंजिश का एंगल
पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवण टी ने बताया कि सोशल मीडिया पर लूट की खबर तेजी से वायरल हो रही है, लेकिन शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जांच के दौरान पता चला कि मान सिंह यादव के भाई राम सिंह ने वर्ष 2025 में बबलू यादव नामक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उसी मामले में बबलू यादव की जमानत अर्जी हाईकोर्ट में लंबित है और वादी पक्ष ने हाल ही में उस पर आपत्ति भी दाखिल की है।
पूछताछ में मान सिंह ने बबलू यादव के परिजनों और पड़ोसियों के नाम इस कथित लूट में बताए। हालांकि पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि जिन लोगों पर आरोप लगाया गया है, उनमें से एक युवक का उसी दिन इंटरमीडिएट हिंदी का पेपर था। आसपास के लोगों से पूछताछ में भी घटना की पुष्टि नहीं हो सकी है।
सोशल मीडिया पर वायरल, पुलिस जुटी साक्ष्य में
पुलिस का कहना है कि संभवतः पुराने मुकदमे की रंजिश को ध्यान में रखते हुए विपक्षी पक्ष पर दबाव बनाने के लिए यह आरोप लगाया गया हो। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और स्थानीय गवाहों के आधार पर गहन जांच की जा रही है। पुलिस साफ कर चुकी है कि बिना पुख्ता साक्ष्य के किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जाएगा।
मामला अब लूट से ज्यादा रंजिश और पेशबंदी की ओर मुड़ता नजर आ रहा है। सच्चाई क्या है, यह तो जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा, लेकिन फिलहाल बाजार शुक्ल क्षेत्र में इस खबर ने चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।
Location : Amethi
Published : 18 February 2026, 9:27 PM IST
Topics : amethi news Amethi Police crime in amethi UP News