हिंदी
गोरखपुर में व्यापारियों की शिकायतों पर DM सख्त (IMG: Dynamite News)
Gorakhpur: व्यापारियों की समस्याओं को लेकर गोरखपुर में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को विकास भवन सभागार में हुई व्यापार बंधु की बैठक में बिजली के जर्जर तारों से लेकर खराब सड़क और बाजारों में सफाई तक के मुद्दे उठे। व्यापारियों की शिकायतें सुनने के बाद जिलाधिकारी दीपक मीणा ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि समस्याओं को सिर्फ बैठक की कार्रवाई तक सीमित न रखा जाए, बल्कि मौके पर जाकर प्रभावी समाधान कराया जाए। डीएम ने कहा कि व्यापारियों की समस्याएं शहर की व्यवस्था और आम लोगों की सुविधाओं से सीधे जुड़ी हैं, इसलिए इनमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में व्यापारियों ने बाजारों में जर्जर और क्षतिग्रस्त विद्युत तारों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। व्यापारियों का कहना था कि कई जगह बिजली के तार काफी पुराने और खराब हालत में हैं, जिससे कभी भी हादसा हो सकता है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में जर्जर और क्षतिग्रस्त तारों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर उन्हें दुरुस्त कराया जाए।
व्यापारियों ने बैठक में बाजारों की साफ-सफाई और सार्वजनिक सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया। व्यापारियों का कहना था कि बाजारों में नियमित सफाई और जरूरी सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से दुकानदारों के साथ ग्राहकों को भी परेशानी होती है। इस पर जिलाधिकारी ने नगर निगम के अधिकारियों को व्यापारियों की ओर से बताई गई समस्याओं का जल्द समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मंडी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने को भी कहा।
गोरखपुर में 18 जुलाई को हुई थी मारपीट, 1 अगस्त को मौत… आखिर एक महीने बाद आरोपी तक कैसे पहुंची पुलिस?
बैठक के दौरान सार्वजनिक शौचालयों की कमी का मुद्दा भी सामने आया। इस पर नगर निगम की ओर से बताया गया कि प्रमुख स्थानों पर जल्द ही पांच शौचालयों का निर्माण शुरू कराया जाएगा। शौचालयों के निर्माण से बाजार में आने वाले व्यापारियों और आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। डीएम ने इस काम को भी प्राथमिकता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में शीतला माता मंदिर से खूनीपुर चौक तक खराब सड़क का मामला भी व्यापारियों ने उठाया। व्यापारियों ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सड़क का मौके पर निरीक्षण करने और आवश्यकतानुसार जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों की स्थिति बेहतर रखना जरूरी है, क्योंकि इनका सीधा असर व्यापार और आम लोगों के आवागमन पर पड़ता है।
शादी का वादा, दुष्कर्म का आरोप और फिर फरारी… गोरखपुर पुलिस ने आरोपी को ऐसे दबोचा
बैठक में विरासत गलियारा परियोजना की प्रगति को लेकर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने व्यापारियों को परियोजना की स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के बाद इसके लोकार्पण की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में चल रहे विकास कार्यों में व्यापारियों की सहभागिता और उनके सुझावों को भी गंभीरता से लिया जाना चाहिए। विकास कार्यों से व्यापारियों और आम लोगों को होने वाली सुविधाओं को ध्यान में रखकर काम कराया जाए।
डीएम दीपक मीणा ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि व्यापारियों की ओर से उठाई गई समस्याओं का समाधान केवल बैठक में आश्वासन देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर स्थिति देखें और कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से कार्रवाई के बाद अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने को भी कहा, ताकि यह पता चल सके कि बैठक में उठाए गए मामलों पर वास्तव में कितना काम हुआ।
Location : Gorakhpur
Published : 25 August 2026, 9:28 PM IST
Topics : Deepak Meena Gorakhpur Administration Gorakhpur Development Gorakhpur News Uttar Pradesh News