Sultanpur में बस को साइड देने को लेकर विवाद, पथराव के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा

सुलतानपुर के बंधुआकला थाना क्षेत्र में देर रात बस और बाइक सवार युवकों के बीच साइड देने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर बस पर पथराव किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 9 August 2026, 1:41 PM IST
google-preferred

Sultanpur: सुलतानपुर जिले के बंधुआकला थाना क्षेत्र में देर रात बस और बाइक सवार युवकों के बीच साइड देने और हॉर्न बजाने को लेकर विवाद हो गया। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। बस ग्राम भाईं धम्मौर से मनियारपुर गांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में दो बाइकों पर सवार चार युवकों से कहासुनी हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद युवकों ने बस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। साथ ही बस चालक और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज भी की गई। पथराव से बस को मामूली नुकसान पहुंचा। घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने तुरंत संभाली स्थिति

घटना की जानकारी मिलते ही बंधुआकला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और सड़क पर यातायात को सामान्य कराया। इसके बाद बस चालक की शिकायत के आधार पर मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।

यह भी पढ़ें: Sultanpur की बेटी का कमाल, अवध यूनिवर्सिटी MBA में पाया पहला स्थान, मिलेंगे 3 गोल्ड मेडल

कुछ संदिग्ध हिरासत में

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

महिलाओं से अभद्रता की बात गलत

क्षेत्राधिकारी नगर राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर महिलाओं से अभद्रता और मारपीट की जो बातें सामने आ रही हैं, वे पूरी तरह गलत और भ्रामक हैं। उन्होंने कहा कि अब तक की जांच में ऐसी कोई पुष्टि नहीं हुई है।

जांच जारी, कानून व्यवस्था सामान्य

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

Location :  Sultanpur

Published :  9 August 2026, 1:41 PM IST

Advertisement