Etawah: सैफई पहुंचीं डिंपल यादव, बड़े मंगल पर की पूजा-अर्चना, बोलीं-लखनऊ अग्निकांड की हो निष्पक्ष जांच

मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव बड़े मंगल के अवसर पर सैफई पहुंचीं। उन्होंने हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं को भंडारा वितरित किया। इस दौरान उन्होंने कई राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया भी दी।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 23 June 2026, 7:10 PM IST
google-preferred

Etawah: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव बड़े मंगल के अवसर पर इटावा जिले के सैफई पहुंचीं। यहां उन्होंने हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पूजा के बाद डिंपल यादव ने श्रद्धालुओं को प्रसाद और भंडारा भी वितरित किया। इस दौरान स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

लखनऊ अग्निकांड पर निष्पक्ष जांच की मांग

मीडिया से बातचीत के दौरान डिंपल यादव ने लखनऊ में हुए अग्निकांड पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी हों, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हादसे में घायल लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए।

ओपी राजभर के बयान पर किया पलटवार

सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर के समाजवादी पार्टी में टूट से जुड़े बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए डिंपल यादव ने कहा कि उन्हें राम मंदिर चंदा मामले में सामने आए आरोपों पर बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता जरूरी है और ऐसे मामलों की सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए।

अखिलेश और शिवपाल को लेकर दिए बयान पर प्रतिक्रिया

अखिलेश यादव और शिवपाल यादव को लेकर दिए गए बयानों पर पूछे गए सवाल के जवाब में डिंपल यादव ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी राय रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि कोई भी अपनी सोच और विचार व्यक्त कर सकता है।

मध्य प्रदेश के मामले पर भी रखी राय

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के परिजनों की संपत्ति बढ़ने से जुड़े आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए डिंपल यादव ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।

भाजपा पर साधा निशाना

डिंपल यादव ने भाजपा पर विपक्षी दलों के नेताओं को अपने साथ शामिल करने के आरोप को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सांसद जनता के वोट से जीतकर संसद पहुंचते हैं, किसी राजनीतिक दल की वजह से नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की राजनीति लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के खिलाफ है। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता के जनादेश का सम्मान किया जाना चाहिए।

श्रद्धालुओं से की मुलाकात

कार्यक्रम के दौरान डिंपल यादव ने मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं से मुलाकात की और बड़े मंगल की शुभकामनाएं दीं। धार्मिक आयोजन के साथ-साथ उनकी राजनीतिक टिप्पणियां भी पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रहीं।

Location :  Etawah

Published :  23 June 2026, 7:07 PM IST

Related News

Advertisement