हिंदी
नौतनवा तहसील में तैनात उप निबंधक का तबादला (इमेज सोर्स-इंटरनेट)
Maharajganj: जनपद के नौतनवा तहसील में तैनात उप निबंधक संदीप गौंड का आखिरकार तबादला कर दिया गया है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार उन्हें उप निबंधक सदर द्वितीय, जनपद मुरादाबाद में स्थानांतरित किया गया है। यह आदेश अपर महानिदेशक निबंधन सुधीर कुमार ने तत्काल प्रभाव से जारी किया।
संदीप गौंड का नाम नौतनवा में पिछले कई वर्षों से लगातार विवादों में बना हुआ था। उन पर रजिस्ट्री कार्यालय में भ्रष्टाचार, मनमानी और अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोप लगते रहे। स्थानीय लोगों, अधिवक्ताओं और जमीन खरीद-बिक्री से जुड़े कारोबारियों ने कई बार उनके खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
नौतनवा क्षेत्र में संदीप गौंड के खिलाफ नाराजगी लगातार बढ़ती रही। आरोप था कि रजिस्ट्री से जुड़े कार्यों में जानबूझकर देरी की जाती थी और काम कराने के लिए सुविधा शुल्क की मांग होती थी। इन शिकायतों को लेकर कई बार तहसील परिसर और रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन भी हुए।
स्थानीय लोगों ने महराजगंज से लेकर लखनऊ तक अधिकारियों और शासन को शिकायतें भेजीं। बताया जा रहा है कि दर्जनों लोगों ने लिखित शिकायतें देकर जांच और कार्रवाई की मांग की थी। कुछ मामलों में लोगों ने आत्मदाह की चेतावनी तक दी और धरना-प्रदर्शन का रास्ता अपनाया।
लगातार शिकायतों और विरोध के बावजूद लंबे समय तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ती गई। कई सामाजिक संगठनों और अधिवक्ताओं ने भी समय-समय पर मामले को उठाया था। स्थानीय स्तर पर यह मुद्दा चर्चा का विषय बना रहा कि इतने आरोपों के बावजूद अधिकारी पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है।
अब शासन की ओर से जारी आदेश में साफ कहा गया है कि संदीप गौंड को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त होकर मुरादाबाद में नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि कार्यभार ग्रहण करने से पहले किसी प्रकार का अवकाश अनुमन्य नहीं होगा।
तबादले के बाद नौतनवा और महराजगंज में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। लोग इसे लंबे समय से चल रहे विवादों और शिकायतों के बाद हुई प्रशासनिक कार्रवाई के रूप में देख रहे हैं। हालांकि विभागीय स्तर पर तबादले के पीछे किसी विशेष कारण का आधिकारिक उल्लेख नहीं किया गया है।
Location : Maharajganj
Published : 21 May 2026, 6:35 AM IST