हिंदी
बिना सूचना के डीएम की दस्तक
Deoria: जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शनिवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (केजीबीवी) बघौचघाट और थाना बघौचघाट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षिक, आवासीय एवं मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
विद्यालय निरीक्षण के दौरान डीएम ने साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, छात्रावास की व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को छात्राओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और अनुकूल वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। नियमित साफ-सफाई, गुणवत्तापूर्ण भोजन और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ छात्राओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा।
स्कूल से थाने तक डीएम की नजर
इसके बाद जिलाधिकारी ने थाना बघौचघाट का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय और विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। लंबित प्रकरणों, शिकायतों और अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम ने थाना परिसर में साफ-सफाई और अभिलेखों को व्यवस्थित रखने पर जोर दिया। उन्होंने जनशिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही आमजन के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने को कहा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप पूरी तत्परता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
Location : Deoria
Published : 13 September 2026, 6:45 AM IST