हिंदी
ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस सख्त
Deoria: यातायात माह नवंबर-2026 के तहत गुरुवार को देवरिया पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 182 वाहनों का चालान किया गया, जबकि दो वाहनों को सीज कर दिया गया।
देवरिया के छात्रों के लिए बड़ी खबर: 20 नवंबर को गोरखपुर में बंटेंगे टैबलेट, DM ने दिए ये निर्देश
यातायात पुलिस ने बस स्टैंड, कोऑपरेटिव चौराहा और गोरखपुर ओवरब्रिज पर अभियान चलाया। सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, कोऑपरेटिव चौराहे पर बिना हेलमेट, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने वालों को भी कार्रवाई का सामना करना पड़ा।

अभियान के दौरान बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और फिटनेस के संचालित ऑटो व ई-रिक्शा को भी निशाने पर लिया गया। ऐसे वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है।
देवरिया पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने न दें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सुरक्षित यातायात के लिए नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
Location : Deoria
Published : 19 November 2026, 5:14 PM IST