UP चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग अलर्ट! आगरा में 5 मंडलों की बैठक, संवेदनशील बूथों पर रहेगी खास नजर

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगरा में पांच मंडलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में मतदाता सूची, स्वीप अभियान, संवेदनशील बूथों की पहचान और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा हुई। दिसंबर में पूर्ण निर्वाचन आयोग के लखनऊ दौरे से पहले सभी मंडलों की समीक्षा की जाएगी।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 19 November 2026, 5:11 PM IST
google-preferred

Agra: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर निर्वाचन आयोग ने अभी से कमर कस ली है। चुनाव में किसी तरह की गड़बड़ी न हो और मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके, इसके लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जा रही है। इसी कड़ी में आगरा में निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने पांच मंडलों के अधिकारियों के साथ बड़ी समीक्षा बैठक की। बैठक में मतदाता सूची से लेकर संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान और सुरक्षा व्यवस्था तक पर मंथन हुआ। खास तौर पर उन गांवों और इलाकों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए, जहां मतदाताओं को डराने-धमकाने या प्रलोभन देकर प्रभावित करने की आशंका रहती है।

आगरा में पांच मंडलों के अधिकारियों के साथ हुई बैठक

आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर आगरा में निर्वाचन आयोग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें पांच मंडलों के जिलाधिकारियों, जिला निर्वाचन अधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, पुलिस आयुक्तों, मंडलायुक्तों और डीआईजी ने हिस्सा लिया। बैठक में निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अलग-अलग जिलों में चल रही चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। सभी जिलों को अपनी तैयारियों का प्रेजेंटेशन देने के लिए करीब 15 मिनट का समय दिया गया।

आगरा में दर्दनाक हादसा, 15 फीट गहरे नाले में डूबकर 5 साल की परी की मौत, परिवार में कोहराम

सूची से लेकर प्रतिशत तक पर फोकस

समीक्षा बैठक में मतदाता सूची को अपडेट करने और अधिक से अधिक पात्र लोगों को इसमें शामिल करने पर विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके साथ ही मतदाताओं को अपनी वोटर लिस्ट में नाम चेक करने और मतदान केंद्र की जानकारी हासिल करने के लिए जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में स्वीप यानी सिस्टमैटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन अभियान की समीक्षा की गई। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करना और चुनाव में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।

Agra News

आगरा में 5 मंडलों की बैठक (IMG: Dynamite News)

डराने-धमकाने वाले इलाकों की होगी पहचान

इस समीक्षा बैठक का एक महत्वपूर्ण मुद्दा वल्नरेबिलिटी मैपिंग रहा। इसके तहत ऐसे गांवों और क्षेत्रों की पहचान की जाएगी, जहां चुनाव के दौरान मतदाताओं को डराने-धमकाने, मतदान से रोकने या किसी तरह का प्रलोभन देकर प्रभावित करने की आशंका रहती है। निर्वाचन आयोग ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे क्षेत्रों को गंभीरता से चिह्नित किया जाए। इसके लिए सेक्टर ऑफिसर और सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर मतदान केंद्रों और आसपास के इलाकों का निरीक्षण करेंगे।

यूपी 2027 चुनाव में 5 फीसदी Vs 95 फीसदी की लड़ाई, अखिलेश यादव ने आगरा से बताया सपा का चुनावी फार्मूला

क्रिटिकल बूथों पर बढ़ाई जाएगी सुरक्षा

बैठक में क्रिटिकल और संवेदनशील मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पिछले चुनावों के अनुभव और मौजूदा परिस्थितियों के आधार पर ऐसे मतदान केंद्रों की पहचान की जाए, जहां अतिरिक्त सुरक्षा की जरूरत पड़ सकती है। इसके लिए पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दिया गया। बैठक में पुलिस बल की उपलब्धता, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की आवश्यकता और पिछले चुनावों में तैनात सुरक्षा कंपनियों की संख्या की भी समीक्षा की गई।

पुलिस और प्रशासन के बीच समन्वय पर जोर

चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए बैठक में जिलाधिकारियों, पुलिस आयुक्तों, एसएसपी और अन्य अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को कहा गया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों पर लगातार नजर रखें और चुनाव प्रभावित करने वाली गतिविधियों की जानकारी समय रहते जुटाएं।

Location :  Agra

Published :  19 November 2026, 5:11 PM IST

Advertisement