हिंदी
Symbolic Photo (Pinterest)
New Delhi: GTA 6 का इंतजार खत्म हो चुका है और भारत में भी इस गेम को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी GTA 6 की थीम पर आधारित पोस्ट शेयर किया है। लेकिन गेम का क्रेज जितना ज्यादा है, इसे खेलने का खर्च भी उतना ही बड़ा है। खास बात यह है कि सिर्फ 5,999 रुपये का गेम खरीद लेना काफी नहीं होगा। इसे खेलने के लिए PlayStation 5 या Xbox Series X|S जैसे नए कंसोल की जरूरत है। यानी जिन लोगों के पास पहले से गेमिंग कंसोल नहीं है, उन्हें GTA 6 खेलने के लिए हजारों रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ सकते हैं।
Rockstar Games का बहुप्रतीक्षित गेम Grand Theft Auto 6 यानी GTA 6, 19 नवंबर 2026 को लॉन्च हो चुका है। भारत में इसकी Standard Edition की कीमत 5,999 रुपये रखी गई है। फिलहाल यह गेम PlayStation 5 और Xbox Series X|S के लिए उपलब्ध है। मोबाइल और PC पर इसे खेलने का कोई आधिकारिक विकल्प फिलहाल नहीं है।
कंपनी ने PC वर्जन की लॉन्च डेट भी घोषित नहीं की है। ऐसे में PC गेमर्स को अभी इंतजार करना होगा। पुराने PS4 और Xbox One कंसोल पर भी यह गेम नहीं चलेगा।
Symbolic Photo (Pinterest)
अगर आपके पास PS5 या Xbox Series X|S नहीं है, तो नया कंसोल खरीदना एक विकल्प है। भारत में उपलब्ध कीमतों के मुताबिक Xbox Series S करीब 31,990 रुपये से शुरू होता है। इसमें GTA 6 की कीमत जोड़ने पर कुल खर्च लगभग 37,989 रुपये होगा।
वहीं, PlayStation 5 Slim की कीमत करीब 44,990 रुपये है। गेम के साथ इसका कुल खर्च 50,989 रुपये तक पहुंच जाता है। Xbox Series X खरीदने वालों को कंसोल के लिए करीब 74,999 रुपये और गेम के लिए 5,999 रुपये देने होंगे। यानी कुल खर्च लगभग 80,998 रुपये होगा।
इस खर्च में टीवी, अतिरिक्त कंट्रोलर और इंटरनेट कनेक्शन जैसी चीजें शामिल नहीं हैं। अगर नया गेमिंग सेटअप भी बनाना है तो बजट और बढ़ सकता है।
जो लोग सिर्फ कुछ दिनों के लिए GTA 6 खेलना चाहते हैं, उनके लिए कंसोल किराये पर लेना एक विकल्प हो सकता है। दिल्ली-NCR की रेंटल सर्विस Craving For Gaming के मुताबिक, PS5 का 14 दिन का किराया 2,799 रुपये है। एक दिन का प्लान 799 रुपये, तीन दिन का 1,499 रुपये और सात दिन का 2,399 रुपये है। इसके अलावा 2,000 रुपये का रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट भी देना होता है।
इस सर्विस पर PS5 और GTA 6 का तीन दिन का पैकेज 2,999 रुपये और सात दिन का पैकेज 3,999 रुपये बताया गया है। हालांकि, डिलीवरी और उपलब्धता की शर्तें लागू हो सकती हैं। किराये पर लेने से पहले यह जरूर जांच लें कि गेम पैकेज में शामिल है या नहीं।
फिलहाल Rockstar Games की आधिकारिक जानकारी में GTA 6 के लिए PS5 और Xbox Series X|S का ही जिक्र है। PC वर्जन की रिलीज डेट सामने नहीं आई है। ऐसे में PC गेमर्स को किसी लीक या अनुमान के आधार पर खरीदारी नहीं करनी चाहिए।
कुल मिलाकर जिनके पास पहले से नया कंसोल है, उनके लिए गेम खरीदना आसान है। लेकिन नए गेमर्स को पहले कंसोल पर बड़ा खर्च करना होगा। ऐसे में कुछ दिनों के लिए गेम खेलने की इच्छा रखने वालों के लिए किराये का विकल्प भी काम आ सकता है।
Location : New Delhi
Published : 19 November 2026, 5:42 PM IST
No related posts found.