हिंदी
ट्रैफिक कार्यालय में कार में लगी भीषण आग (Img: Dynamite News)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिला मुख्यालय स्थित ट्रैफिक कार्यालय परिसर में शुक्रवार दोपहर अचानक उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां खड़ी एक चार पहिया कार से तेज धमाके की आवाज आई। धमाके के कुछ ही देर बाद कार में भीषण आग लग गई और उसका ऑटोमैटिक हॉर्न लगातार बजने लगा। घटना से कार्यालय परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
धमाके और आग की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस, स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग तथा अन्य संबंधित टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास खड़े अन्य वाहनों और कार्यालय को किसी बड़े नुकसान से बचा लिया गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आग लगने के दौरान कार में शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। आरटीओ और ट्रैफिक विभाग ने वाहन का विवरण खंगाला, जिसमें कार का पंजीकरण उद्भव नामक व्यक्ति के नाम पर पाया गया। बताया जा रहा है कि वाहन स्वामी ट्रैफिक विभाग से ही संबंधित एक कर्मचारी हैं।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि आग तकनीकी खराबी के कारण लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। इस घटना ने ट्रैफिक कार्यालय परिसर में खड़े वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Location : Deoria
Published : 31 July 2026, 3:52 PM IST