उफ! ‘बार-बार गोरखपुर रेफर होने से मरीज परेशान’ देवरिया में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर छात्रों का फूटा गुस्सा, उठाई ये मांगें

देवरिया में जिला अस्पताल की सेवाएं प्रभावित होने और मेडिकल कॉलेज से मरीजों के रेफरल को लेकर छात्रों ने स्वास्थ्य मंत्री के सामने आठ बड़ी मांगें रखने की कोशिश की। जानिए छात्रों ने ज्ञापन में क्या-क्या मांगें उठाई।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 11 September 2026, 1:27 PM IST
google-preferred

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के पूर्व मंत्री राजेंद्र किशोर शाही की पुण्यतिथि के अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक शुक्रवार को देवरिया पहुंचे। उनके आगमन के बीच समाजवादी छात्र सभा के जिला उपाध्यक्ष सूरज यादव के नेतृत्व में छात्रों ने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सुभाष चौक पर प्रदर्शन किया। छात्रों ने स्वास्थ्य मंत्री तक अपनी मांगें पहुंचाने के लिए आठ सूत्रीय ज्ञापन तैयार किया।

जिला अस्पताल की सेवाएं बहाल करने की मांग

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि बाबू मोहन सिंह जिला अस्पताल की सेवाएं बंद अथवा प्रभावित होने से आम लोगों को इलाज के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को हो रही है। छात्रों ने जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल कर उन्हें मजबूत बनाने की मांग की।

मेडिकल कॉलेज में रेफरल रोकने की मांग

छात्रों ने देवरिया मेडिकल कॉलेज से गंभीर मरीजों को अनावश्यक रूप से गोरखपुर रेफर किए जाने पर रोक लगाने की मांग उठाई। उनका कहना है कि बार-बार रेफर किए जाने से मरीजों और उनके परिजनों पर आर्थिक, मानसिक और समय का अतिरिक्त बोझ पड़ता है। छात्रों ने गंभीर मरीजों को जिले में ही बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की मांग की।

UP Assembly Election 2027: महराजगंज, देवरिया, बलिया और चंदौली का सियासी हाल; पूर्वांचल में वोटों का धुव्रीकरण

डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और दवाओं की उपलब्धता पर जोर

ज्ञापन में विशेषज्ञ चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की पर्याप्त तैनाती करने तथा अस्पताल में जरूरी दवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग शामिल है। इसके साथ ही पैथोलॉजी, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन जैसी जांच सुविधाएं 24 घंटे उपलब्ध कराने की मांग भी छात्रों ने रखी।

गरीब मरीजों और छात्रों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं

छात्रों ने सरकारी अस्पतालों में गरीब मरीजों को निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण उपचार देने तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का पूरा लाभ दिलाने की मांग की। इसके अलावा विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में प्राथमिक उपचार केंद्र, जरूरी दवाएं और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की व्यवस्था करने की बात कही गई। अस्पतालों में मरीजों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी शिकायत एवं सहायता केंद्र बनाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

दरवाजे पर चढ़कर मारपीट और आईसीयू में भर्ती बेटा, देवरिया में आरोपियों की धमकियों से दहशत में परिवार

स्वास्थ्य मंत्री तक समस्याएं पहुंचाने की कोशिश

समाजवादी छात्र सभा के जिला उपाध्यक्ष सूरज यादव ने कहा कि जिला अस्पताल की सेवाएं प्रभावित होने से आम जनता और गरीब परिवारों को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में अनावश्यक रेफरल और जरूरी दवाओं की उपलब्धता से जुड़ी समस्याएं भी सामने आ रही हैं। इसी वजह से छात्रों ने स्वास्थ्य मंत्री के देवरिया आगमन के दौरान अपनी मांगें सीधे उनके सामने रखने का प्रयास किया।

जल्द समाधान की उम्मीद

छात्रों का कहना है कि उन्हें जानकारी मिली थी कि उपमुख्यमंत्री इसी मार्ग से गुजरेंगे, इसलिए वे सुभाष चौक पर एकत्र हुए। उन्होंने कहा कि यदि जनता की समस्याएं अधिकारियों तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच पा रही हैं, तो छात्र स्वयं जनता की आवाज बनकर सरकार तक अपनी बात पहुंचाएंगे। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने उम्मीद जताई कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग देवरिया की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई करेगा।

Location :  Deoria

Published :  11 September 2026, 1:27 PM IST

Advertisement