एक चढ़ा टंकी पर, दूसरा टावर पर: कासगंज में रास्ते के विवाद में 6 घंटे चला सांसे थमा देने वाला हाईवोल्टेज ड्रामा

कासगंज के ढोलना क्षेत्र के गांव घिनौना में गली का रास्ता रोकने के विवाद में बुधवार को बड़ा हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। विवाद बढ़ने पर एक पक्ष का व्यक्ति पानी की टंकी और दूसरे पक्ष का व्यक्ति मोबाइल टावर पर चढ़ गया।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 28 October 2026, 6:11 PM IST
google-preferred

Kasganj: ढोलना गांव की गली का रास्ता रोकने को लेकर शुरू हुआ विवाद बुधवार को ऐसा गहराया कि दो पक्षों के लोग अपनी जान जोखिम में डालकर पानी की टंकी और मोबाइल टावर पर चढ़ गए। एक पक्ष का व्यक्ति सुबह 11 बजे पानी की टंकी पर चढ़ा तो दूसरे पक्ष का व्यक्ति दोपहर तीन बजे मोबाइल टावर पर जा पहुंचा। दोनों को नीचे उतारने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। गांव में छह घंटे से अधिक समय तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद दोनों पक्ष नीचे उतरे, तब जाकर पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई है।

रास्ता रोकने पर शुरू हुआ था विवाद

मामला थाना ढोलना क्षेत्र के गांव घिनौना का है। यहां निवासी रूप किशोर शर्मा पुत्र बाबूराम का गांव के ही दूसरे पक्ष से गली का रास्ता रोकने को लेकर विवाद चल रहा था। रास्ता बंद किए जाने से क्षुब्ध रूप किशोर गांव में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया। उसके टंकी पर चढ़ने की खबर फैलते ही गांव में खलबली मच गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

Kasganj News: करवाचौथ से 48 घंटे पहले बीवी ने की आत्महत्या, विवाद की वजह क्या, शॉपिंग या कुछ और?

एक टंकी पर चढ़ा तो दूसरा टावर पर जा पहुंचा

पानी की टंकी पर रूप किशोर के चढ़ने के बाद दूसरे पक्ष के अजीत पुत्र चंद्रपाल, ध्यानपाल पुत्र प्रताप सिंह, अरुण पुत्र प्रताप सिंह,अरविंद पुत्र नवाब सिंह, संतोष पुत्र दफेदार सिंह, सोमेंद्र पुत्र दफेदार सिंह और महाराज सिंह पुत्र अनिखलाल समेत कई लोग मौके पर पहुंच गए। इसी बीच विवाद ने और गंभीर रूप ले लिया। वही तभी दूसरे पक्ष के रामवीर पुत्र दफेदार सिंह पास ही स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गए।

कासगंज के ढोलना में रास्ते के विवाद का अनूठा विरोध (Img: Dynamite News)

एक ही विवाद में दो अलग-अलग स्थानों पर लोगों के चढ़ने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। पानी की टंकी और मोबाइल टावर पर चढ़े लोगों को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मामला बिगड़ता देख पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी गई।

लाउडस्पीकर से समझाते रहे अधिकारी, घंटों चला मान-मनौव्वल का दौर

सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार बलवंत उपाध्याय, नायब तहसीलदार सुरेश चौधरी और थाना प्रभारी ढोलना अवधेश भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के जरिए दोनों पक्षों से नीचे उतरने की अपील की। साथ ही रास्ते के विवाद का समाधान कराने का आश्वासन देकर उन्हें समझाने का प्रयास किया।

काफी देर तक चली मान-मनौव्वल के बाद दूसरे पक्ष का रामवीर करीब सवा दो घंटे बाद मोबाइल टावर से नीचे उतर आया। हालांकि, पानी की टंकी पर चढ़े रूप किशोर को नीचे उतारने में अधिकारियों को और अधिक समय लगा। वह करीब छह घंटे 15 मिनट बाद टंकी से नीचे आया।

Kasganj News: नाली में पड़ा मिला 32 वर्षीय युवक का शव, रात में मजदूरी लेकर निकला था घर, सुबह हुई मौत

आश्वासन पर माने दोनों पक्ष, थाने पहुंची पुलिस

दोनों पक्षों के नीचे उतरने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। थाना प्रभारी अवधेश भदौरिया ने बताया कि दोनों पक्षों के लोगों को सुरक्षित नीचे उतारकर पुलिस अभिरक्षा में थाने ले जाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। रास्ते के विवाद का स्थायी समाधान कराने के लिए राजस्व टीम की मदद ली जाएगी। गांव में गली के रास्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ जाएगा कि दो पक्षों के लोग पानी की टंकी और मोबाइल टावर पर चढ़ जाएंगे, इसका अंदाजा किसी को नहीं था। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता विवाद का निस्तारण कर गांव में शांति व्यवस्था कायम रखना है।

Location :  Kasganj

Published :  28 October 2026, 6:11 PM IST

Advertisement