हिंदी
गौरीबाजार थाना क्षेत्र का मामला (Source: Dynamite News)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया में पानी के छींटे पड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद अगले ही दिन खूनी संघर्ष में बदल गया। गौरीबाजार थाना क्षेत्र में दो युवकों पर एक युवक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है। घायल की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मामला गौरीबाजार थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार देवताहा गांव निवासी विशाल यादव का 13 सितंबर को चिल्लौना गांव निवासी अभिषेक और करमहा निवासी विकास से विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत पानी के छींटे पड़ने को लेकर हुई थी।
उस समय मामला किसी तरह शांत हो गया, लेकिन आरोप है कि इस विवाद की रंजिश अगले दिन सामने आई।
आरोप है कि 14 सितंबर को अभिषेक और विकास ने विशाल यादव पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया। चाकू लगने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
मामले की जानकारी मिलते ही गौरीबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों की मदद से घायल विशाल यादव को इलाज के लिए सीएचसी गौरीबाजार पहुंचाया।
पाक सेना के उड़े होश! BLA ने 3 महीने में कब्जाईं 14 चौकियां, हथियार और गोला-बारूद लूटे
सीएचसी में डॉक्टरों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया गया। घटना के बाद घायल के परिजनों में भी दहशत का माहौल है।
पुलिस ने मामले में नामजद दोनों आरोपियों अभिषेक और विकास को हिरासत में ले लिया है। दोनों से घटना और हमले के कारण को लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने घायल युवक के परिजनों से तहरीर ली है। इसके आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मामूली विवाद के बाद अगले दिन चाकू से हमला करने की नौबत कैसे आई और वारदात में इस्तेमाल हथियार कहां से आया।
क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Deoria
Published : 15 September 2026, 11:59 AM IST
Topics : crime news Deoria Crime Gauribazar Knife attack up crime