हिंदी
प्रसव वार्ड में पहुंचकर ली गर्भवती की जानकारी (Img: Dynamite News)
Deoria: रात के करीब 11 बज रहे थे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) भलुअनी में स्वास्थ्यकर्मी अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। तभी अचानक जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी अस्पताल पहुंच गए। डीएम के औचक निरीक्षण की खबर मिलते ही अस्पताल में हलचल बढ़ गई। उन्होंने सीधे प्रसव वार्ड का रुख किया, वहां भर्ती मरीजों का हाल जाना और स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत को मौके पर परखा।
निरीक्षण के दौरान एक गर्भवती महिला प्रसव के लिए अस्पताल पहुंची हुई थी। जिलाधिकारी ने ड्यूटी पर मौजूद एएनएम और स्टाफ नर्स से उसकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रसव पूरी सतर्कता और चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप कराया जाए, ताकि जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित रहें।
डीएम ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आने वाली प्रत्येक गर्भवती महिला को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित संस्थागत प्रसव की सुविधा मिलनी चाहिए।
मधुसूदन हुल्गी ने प्रसव पंजिका (डिलीवरी रजिस्टर) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने हाल में हुए प्रसवों का रिकॉर्ड देखा और स्वास्थ्य अधिकारियों से संस्थागत प्रसव की संख्या और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही अस्पताल में उपलब्ध दवाओं, साफ-सफाई और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का भी जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि इलाज के लिए आने वाले किसी भी मरीज को दवा, जांच या उपचार के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहें और अपनी जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करें।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी की उपस्थिति की जानकारी लेने पर बताया गया कि उन्होंने दिन की निर्धारित ड्यूटी पूरी कर ली थी। निरीक्षण के समय डॉ. सुनील कुमार पांडेय सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी अस्पताल में मौजूद थे।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने स्पष्ट संदेश दिया कि सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मरीजों का भरोसा बनाए रखना स्वास्थ्य विभाग की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और इसमें लापरवाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Location : Deoria
Published : 19 July 2026, 10:30 AM IST
Topics : Deoria dm madhusudan hulgi PHC Bhaluani