Deoria Accident: रफ्तार का कहर जारी, 24 घंटे में 5 मौतें; बरहज और सुरौली में दो और हादसे

देवरिया में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 24 घंटों में पांच से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। बघौचघाट में तीन युवकों की मौत के बाद बरहज और सुरौली थाना क्षेत्रों में दो और लोगों की जान चली गई

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 29 April 2026, 12:12 PM IST
google-preferred

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 24 घंटों में पांच से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। बघौचघाट में तीन युवकों की मौत के बाद बरहज और सुरौली थाना क्षेत्रों में दो और लोगों की जान चली गई, जिससे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

टहल रहे व्यक्ति की मौत

पहली घटना बरहज थाना क्षेत्र के ग्राम पैना के पास हुई। बुधवार सुबह डाकघर के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर नाली से टकराकर पलट गया। उसी समय टहलने निकले 50 वर्षीय जनार्दन सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ट्रक के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक वह रोज की तरह राम-जानकी मार्ग पर सुबह टहलने निकले थे।

सुरौली में साइकिल सवार को मारी टक्कर

दूसरी घटना सुरौली थाना क्षेत्र के ग्राम कोइलगढ़हा के नोनिया टोला की है। यहां 60 वर्षीय श्यामलाल चौहान बिरहा कार्यक्रम से लौटते समय रुद्रपुर-देवरिया मार्ग पर साइकिल से घर जा रहे थे। तिवई के पास एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल श्यामलाल को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

लगातार हादसों से प्रशासन पर उठ रहे सवाल

लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Location :  Deoria

Published :  29 April 2026, 12:12 PM IST

Advertisement