हिंदी
पिता और दोनों बेटियों को सुरक्षा दिलाने की मांग (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। तरकुलवा थाना क्षेत्र के भीमपुर गांव में लगभग 98 वर्षीय बुजुर्ग माता-पिता को उनके ही सगे बेटों और बहुओं ने घर से बाहर निकाल दिया। आरोप है कि बेटे और बहुएं जबरन सारी संपत्ति अपने नाम कराना चाहते थे। पिता के यह कहने पर कि उनके मरने के बाद संपत्ति सभी के नाम हो जाएगी, नाराज होकर उन्होंने वृद्ध माता-पिता को बेसहारा कर दिया। ऐसे मुश्किल वक्त में पीड़ित बुजुर्ग दंपती के लिए उनकी बेटियां मसीहा बनकर आगे आई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित 98 वर्षीय सूरज सिंह उर्फ सुरजू सिंह की दो बेटियां- साधना सिंह और रीता सिंह हैं। बड़ी बेटी साधना सिंह पिछले 20 वर्षों से (वर्ष 2006 से) अपने ससुराल में रहकर अपने बूढ़े माता-पिता की लगातार सेवा कर रही है, जबकि उनकी छोटी बहन रीता सिंह मुंबई में रहती है।
दूसरी ओर, पीड़ित के दोनों बेटे संतोष सिंह और मनोज सिंह ने लंबे समय तक अपने माता-पिता की कोई सुध नहीं ली। आज जब पिता जीवन के अंतिम पड़ाव पर हैं, तब भी उनकी देखभाल केवल दोनों बेटियां ही कर रही हैं। बेटियों की निष्ठा और सेवा से प्रसन्न होकर पिता सूरज सिंह ने अपनी स्वेच्छा से 13 मई 2026 को अपनी संपत्ति का रजिस्टर्ड बैनामा बेटी साधना सिंह के नाम कर दिया।
Balrampur Rain News: रातभर बरसा आसमान, सुबह दिखा तबाही का मंजर; अब राप्ती नदी ने बढ़ाई टेंशन
पिता द्वारा संपत्ति का बैनामा किए जाने की बात सामने आते ही दोनों बेटे बौखला गए। इसके बाद से ही भाइयों द्वारा दोनों बहनों को लगातार धमकाया जाने लगा है। मुंबई से पिता की सेवा करने के लिए देवरिया आने वाली छोटी बेटी रीता सिंह को भी फोन पर गंभीर धमकियां दी जा रही हैं।
आरोपियों द्वारा रीता को धमकी दी जा रही है कि "तुम बीच में मत पड़ो, नहीं तो तुम्हें भी देख लेंगे।" इसके साथ ही उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की साजिश रचने का भी आरोप लगाया गया है। हालात यह हो गए हैं कि पिछले 20 साल से माता-पिता की सेवा कर रही बेटी साधना सिंह को अब अपने ही सगे भाइयों से अपनी और बुजुर्ग माता-पिता की जान का खतरा सता रहा है।
Deoria: बारिश के बीच देर रात तक सड़कों पर उतरे डीएम, जलभराव वाले इलाकों का लिया जायजा
इस पूरे घटनाक्रम से आहत और भयभीत पीड़िता साधना सिंह ने न्याय के लिए प्रशासनिक दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने देवरिया के जिलाधिकारी को एक प्रार्थना पत्र सौंपकर अपनी और अपने 98 वर्षीय वृद्ध पिता की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़िता ने वरिष्ठ नागरिक अधिनियम के तहत कानूनी हस्तक्षेप की मांग की है ताकि उनके बुजुर्ग माता-पिता और बेटियों को सुरक्षा प्रदान की जा सके और बेखौफ होकर इस कठिन समय में माता-पिता की सेवा की जा सके। यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Location : Deoria
Published : 27 September 2026, 10:48 AM IST