हिंदी
आम वाहनों की एक्सप्रेसवे पर नो एंट्री (Source: Dynamite News)
Ghaziabad: कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए गाजियाबाद पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। शुक्रवार शाम से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) पर आम वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी। एक्सप्रेसवे की मेरठ से आने वाली लेन को सिर्फ डाक कांवड़ के लिए आरक्षित रखा जाएगा।
डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुन बिसेन ने बताया कि मेरठ पुलिस के साथ समन्वय कर शुक्रवार शाम से डायवर्जन योजना लागू होगी। DME के तीनों प्रवेश बिंदु बंद कर दिए जाएंगे। हालांकि, गाजियाबाद की ओर उतरने वाले वाहनों के लिए निकासी मार्ग खुले रहेंगे।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर पैदल और बाइक से आने वाले कांवड़ियों को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उन्हें वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसके चलते एक्सप्रेसवे पर सिर्फ डाक कांवड़ को संचालित किया जाएगा।
DME के समानांतर NH-9 पर सामान्य यातायात जारी रहेगा। दिल्ली से मेरठ जाने वाले वाहनों को NH-9 के रास्ते डासना कट से हापुड़ होते हुए मेरठ भेजा जाएगा। डायवर्जन को सुचारु रखने के लिए प्रमुख चौराहों और कटों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है।
Deoria: भटनी में मंदिर के पास खूनी खेल का खुलासा! युवक की मौत के बाद आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद
जीटी रोड और कनावनी मार्ग पर बंद किए गए कई कट पुलिस ने बृहस्पतिवार को खोल दिए। इससे जाम से परेशान वाहन चालकों को राहत मिली है। पहले 15 मिनट का सफर पूरा करने में करीब 45 मिनट तक लग रहे थे। यातायात समस्या सामने आने के बाद पुलिस ने कई स्थानों पर कट खोलने का फैसला लिया।
दूधेश्वरनाथ मंदिर में बढ़ती भीड़ को देखते हुए चौधरी मोड़, गोशाला फाटक, हापुड़ तिराहा, कैला भट्ठा और पटेलनगर फ्लाईओवर से मंदिर की ओर जाने वाले वाहनों पर रोक लगाई गई है। वहीं संजय गीता चौक, घूकना मोड़, डीपीएस कट और सिहानी चुंगी से NH-34 की ओर भी यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
फिलहाल मेरठ रोड की एक लेन पर यातायात जारी रखने का निर्णय लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कांवड़ियों की संख्या बढ़ने पर व्यवस्था की दोबारा समीक्षा की जाएगी। जरूरत पड़ने पर कार समेत अन्य वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगाई जा सकती है। फिलहाल इस मार्ग पर दोपहिया वाहनों को ही अनुमति देने की व्यवस्था की गई है।
Location : Ghaziabad
Published : 7 August 2026, 8:43 AM IST
Topics : ghaziabad news Kanwar Yatra Traffic Update