हिंदी
Symbolic Photo
Lucknow: लखनऊ के महानगर इलाके से सामने आई इस वारदात ने हर किसी को सन्न कर दिया। जिस घर में एक बहू, सास और बच्चों के साथ परिवार बसता था, वहीं अंदर ही अंदर खून की ऐसी साजिश पक रही थी, जिसका अंजाम बेहद खौफनाक निकला। 69 वर्षीय निर्मला देवी की हत्या पहले लूटपाट या बाहरी हमले जैसी दिखाई गई, लेकिन जब पुलिस ने परतें खोलनी शुरू कीं तो रिश्तों के भीतर पल रही साजिश का ऐसा चेहरा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को हिला दिया। आरोप है कि 36 साल की बहू रंजना वर्मा ने अपने 21 वर्षीय प्रेमी राजन शर्मा के साथ मिलकर सास को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया और फिर घर के भीतर ही इस वारदात को अंजाम दे दिया।
कैमरा बंद हुआ और यहीं से खुल गया कत्ल का राज
पुलिस के मुताबिक, वारदात वाले दिन दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक घर के अंदर का CCTV कैमरा बंद मिला। यही वह सुराग था, जिसने पूरे केस की दिशा बदल दी। बाहर लगे कैमरों की फुटेज में बहू रंजना अपने प्रेमी राजन शर्मा के साथ घर से निकलती नजर आई। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ दूर जाकर दोनों ने मोबाइल से कैमरा फिर ऑन किया, ताकि शक उन पर न जाए। लेकिन यही चालाकी उनके खिलाफ सबसे बड़ा सबूत बन गई। पुलिस को शक हो गया कि मामला घर के अंदर का है और इसके बाद पूछताछ का दायरा परिवार और करीबी लोगों तक पहुंच गया।
Iran Israel War: अमेरिका ने युद्धक्षेत्र में भेजे 5000 सैनिक, अब होगा बड़ा खेल
चार साल का रिश्ता, सास का विरोध और फिर हत्या की साजिश
पूछताछ में सामने आया कि रंजना और राजन के बीच पिछले चार साल से प्रेम संबंध थे। राजन उसी मकान की पहली मंजिल पर किराए पर रहता था, जबकि नीचे रंजना अपने परिवार के साथ रहती थी। घरवालों को इस रिश्ते की भनक लग चुकी थी और निर्मला देवी इसका खुलकर विरोध करती थीं। परिवार में इस बात को लेकर अक्सर झगड़े होते थे। पुलिस के अनुसार, रंजना और राजन को लगने लगा था कि उनके रिश्ते की सबसे बड़ी रुकावट सास ही हैं। इसी सोच ने दोनों को हत्या जैसी खौफनाक साजिश तक पहुंचा दिया।
लूट का ड्रामा ज्यादा देर नहीं चला
वारदात के दिन जब पति नौकरी पर था और बेटा घर से बाहर गया हुआ था, तभी मौका देखकर घर के अंदर CCTV बंद किया गया। इसके बाद निर्मला देवी के हाथ-पैर बांधे गए और गला दबाकर उनकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद दोनों वहां से निकल गए। बाद में बहू वापस लौटी और रोना-धोना शुरू कर दिया, मानो घर में कोई लूटपाट हुई हो। लेकिन पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की जांच ने कहानी पलट दी। पूछताछ में प्रेमी पहले टूटा और फिर बहू का झूठ भी बिखर गया। अब दोनों आरोपी सलाखों के पीछे हैं।
Location : Lucknow
Published : 23 March 2026, 4:36 AM IST
Topics : crime news Lucknow News Murder Case UP News