हिंदी
रायबरेली जिले के सरेनी थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक डॉक्टर से लूट की घटना सामने आई। एक निजि डॉक्टर को नकाबपोश बदमाशों ने लूटमार कर घायल कर दिया। घटना के बाद से इलाके में खौफ पैदा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हमले में घायल हुए डॉक्टर
Raebareli: जनपद में बदमाश बेखौफ घूम रहे हैं। उन्हें कानून का भी खौफ नहीं है। सरेनी थाना क्षेत्र में बुधवार शाम को बाइक से घर जा रहे एक प्राइवेट क्लीनिक के डॉक्टर को उनके गांव से चंद कदम पहले बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने टक्कर मार दी। इसके बाद बदमाशों ने डॉक्टर के सिर पर लोहे की रॉड से हमला करके उनके साथ लूटपाट की। सूचना पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार बदमाश डॉक्टर के पास से रुपए व सोने की चेन लूटकर भाग गए। सूचना पर ग्रामीणों ने घायल को सीएचसी पहुंचाया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार सोने की चेन पांच तोले की थी.सरेनी थाना क्षेत्र के मदनापुर गांव के रहने वाले डॉक्टर बृजेंद्र बहादुर सिंह की भोजपुर कस्बे में क्लीनिक है।
बीते बुधवार शाम करीब सात बजे वह क्लीनिक बंद करके बाइक से घर जा रहे थे। इसी बीच भोजपुर-ऊचगांव मार्ग से अपने गांव की ओर मुड़े कि एक बाइक में सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दिया। इससे वह सड़क पर गिर गए। उनके गिरते ही बदमाश उनके गले में पड़ी सोने की चैन छीनने का प्रयास करने लगे। इस पर हाथापाई होने लगी।
इसी दौरान एक बदमाश ने उनके सिर पर लोहे की रोड से हमला कर दिया। इससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इस बीच एक बदमाश ने उनके गले की सोने की चेन छीन ली और ऊंचगांव की ओर भाग गए। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। चिकित्सक के बेटे अभिषेक सिंह की तहरीर पर पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
सरेनी थाना प्रभारी रमेश ने बताया कि मामले की तहरीर मिली है। मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि जल्द ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।