हिंदी
रायबरेली के भदोखर थाना क्षेत्र के परौरा गांव में 22 वर्षीय युवक अनुज कुमार का शव गांव से बाहर नीम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन और ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या की बात कह रही है।
अपराध समाचार
Raebareli: उत्तर प्रदेश के जनपद रायबरेली के भदोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत परौरा गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब रविवार सुबह गांव से करीब 50 मीटर दूर नीम के पेड़ पर एक युवक का शव साड़ी के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान अनुज कुमार पुत्र सुखराम रविदास, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई है। सुबह करीब 5 बजे ग्रामीणों की नजर पेड़ से लटकते शव पर पड़ी, जिसके बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार, बीती रात अनुज कुमार का पाटीदारी में आपसी विवाद हुआ था। विवाद के बाद अनुज अपने घर चला गया था। इसके बाद देर रात क्या हुआ, इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है। सुबह उसका शव गांव के बाहर पेड़ से लटका मिलने पर कई सवाल खड़े हो गए हैं। गांव के कुछ लोग दबी जुबान में इसे आत्महत्या मानने से इनकार कर रहे हैं और हत्या की आशंका जता रहे हैं। उनका कहना है कि अनुज शांत स्वभाव का युवक था और यह दुर्घटना उनके समझ से परे बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही भदोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। इस मामले में क्षेत्राधिकारी अरुण नौहार ने बताया कि पहली नजर में पूरा मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। साथ ही परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस हर बिंदु पर जांच सुनिश्चित कर रही है।
एक चिंगारी और सब कुछ राख, विकासनगर में पूर्व तहसील कर्मी का घर बना आग का गोला, मचा हड़कंप
फिलहाल, इस घटना से गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की अपेक्षा जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।