रायबरेली में गैस सिलेंडर को लेकर क्यों गरमाई सियासत? सड़कों पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता

रायबरेली में एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत और बढ़ी कीमतों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर गैस के दाम कम करने और कालाबाजारी रोकने की मांग की।

Raebareli: रायबरेली में घरेलू गैस सिलेंडरों की किल्लत और बढ़ती कीमतों को लेकर सियासत गरमा गई है। आम लोगों को गैस के लिए लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है और कई जगह कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला कार्यालय से लेकर कलेक्ट्रेट तक कांग्रेस कार्यकर्ता बैनर और नारे के साथ पहुंचे और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए गैस सिलेंडर की कीमतें कम करने और कालाबाजारी रोकने की मांग उठाई।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

संसद में नेता प्रतिपक्ष और सांसद राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में कांग्रेस कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष पंकज तिवारी के नेतृत्व में एकजुट हुए। सभी कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय से जुलूस के रूप में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और एलपीजी गैस सिलेंडरों के बढ़े दामों और किल्लत को लेकर विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि गैस सिलेंडरों की कीमतें कम की जाएं और बाजार में हो रही कालाबाजारी पर तुरंत रोक लगाई जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

यूपी में बड़ी वारदात: बदायूं में HPCL प्लांट में सरेआम प्रबंधक और उप-प्रबंधक की गोली मारकर हत्या, लखीमपुर से नोएडा तक सनसनी

लोग लाइनों में खड़े होकर हो रहे परेशान: पंकज तिवारी

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने कहा कि गैस सिलेंडर के बढ़े हुए दाम और कालाबाजारी की वजह से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई जगह लोग घंटों लाइनों में खड़े रहने को मजबूर हैं और कई लोग तो लाइन में ही बेहोश होकर गिर जा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में गैस सिलेंडर की कीमत में करीब 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की रसोई पर सीधा असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने उज्ज्वला योजना के जरिए मुफ्त गैस कनेक्शन देने का दावा किया था, लेकिन आज हालात यह हैं कि महिलाएं सिलेंडर भरवाने में भी असमर्थ हैं।

विदेश नीति को ठहराया जिम्मेदार

वहीं कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष धीरज श्रीवास्तव ने कहा कि गैस के बढ़े दाम और किल्लत के पीछे केंद्र सरकार की विफल विदेश नीति जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि पहले भारत को ईरान जैसे देशों से बड़ी मात्रा में प्राकृतिक गैस और तेल मिलता था, लेकिन गलत नीतियों के कारण अब वे रास्ते बंद हो गए हैं।

मुजफ्फरनगर पुलिस कार्यालय में SSP का एक्शन देखकर अफसरों के उड़े होश, कहा- किसी ने लापरवाही की तो…

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गैस कंपनियों के टोल फ्री नंबर भी कई बार काम नहीं कर रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को और अधिक परेशानी हो रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अगर जल्द ही गैस की किल्लत दूर नहीं हुई और कीमतें कम नहीं की गईं तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे।

सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी आम जनता के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उपभोक्ताओं के हितों की अनदेखी जारी रही तो आने वाले समय में और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

Location : 
  • Raebareli

Published : 
  • 12 March 2026, 5:37 PM IST

Advertisement