हिंदी
चित्रकूट घूमने आई युवती के साथ गैंगरेप (Img: AI Generated Image)
Chitrkoot: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में घूमने आई NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा के साथ कथित तौर पर तीन युवकों ने गैंगरेप किया। आरोप है कि युवकों ने छात्रा के नाबालिग दोस्त को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की और फिर छात्रा को झाड़ियों में ले गए।
यह घटना चित्रकूट के देवांगना घाटी जंगल क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय छात्रा अपने दोस्त के साथ चित्रकूट घूमने पहुंची थी। दोनों दोपहर करीब 1 बजे बाइक से देवांगना घाटी पहुंचे थे। वहां पहाड़ी पर बैठकर दोनों वीडियो बना रहे थे। तभी वहां तीन युवक बाइक से पहुंचे। उन्होंने खुद को वन विभाग का कर्मचारी बताया और दोनों से पूछताछ शुरू कर दी। कुछ देर बाद उन्होंने छात्रा के दोस्त के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि विरोध करने पर उसे बेल्ट से पीटा गया और गमछे से उसके हाथ-पैर बांध दिए गए। आरोपियों ने धमकी दी कि अगर उसने शोर मचाया तो उसे पहाड़ी से नीचे फेंक देंगे।
पीड़ित युवक के मुताबिक, आरोपियों ने छात्रा को जबरन झाड़ियों की ओर ले गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। युवक ने किसी तरह खुद को बंधन से छुड़ाया और छात्रा तक पहुंचा। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना देने की कोशिश की, लेकिन पहाड़ी क्षेत्र में नेटवर्क की समस्या के कारण शुरुआत में संपर्क नहीं हो सका।
कुछ दूरी नीचे आने के बाद नेटवर्क मिलने पर पुलिस को जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित छात्रा मध्य प्रदेश के सतना जिले की रहने वाली है और राजस्थान के कोटा में रहकर NEET परीक्षा की तैयारी कर रही थी। छुट्टियों में वह चित्रकूट घूमने आई थी। वहीं उसके साथ मौजूद युवक चित्रकूट का रहने वाला है और 12वीं कक्षा में पढ़ता है। पुलिस के अनुसार, दोनों की दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए हुई थी।
घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एक CCTV फुटेज में तीन संदिग्ध बाइक से जाते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस ने शक के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाई हैं और आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
ये भी पढ़ें- Budaun: सालों की शिकायतों के बाद भी हालात बदतर, जानिए रजिस्ट्री कार्यालय में क्यों दम तोड़ रहीं स्वच्छता की नीतियां?
गुरुवार को प्रयागराज जोन के एडीजी ज्योति नारायण चित्रकूट पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच और अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। वहीं घटना के गवाह बताए जा रहे नाबालिग युवक का भी मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।
घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के सदर विधायक अनिल प्रधान ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। विधायक ने कहा कि जिस इलाके में घटना हुई, वह महत्वपूर्ण स्थानों के पास है। ऐसे में दिनदहाड़े हुई वारदात को लेकर प्रशासन को जवाब देना चाहिए।
Location : Chitrakoot
Published : 23 July 2026, 4:23 PM IST