Budaun: सालों की शिकायतों के बाद भी हालात बदतर, जानिए रजिस्ट्री कार्यालय में क्यों दम तोड़ रहीं स्वच्छता की नीतियां?

बदायूं के उप निबंधक कार्यालय में शौचालय की खराब व्यवस्था से कर्मचारी और रजिस्ट्री कराने आने वाले लोग परेशान हैं। नियमित सफाई, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर प्रलेखकों ने प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 23 July 2026, 12:00 PM IST
google-preferred

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में स्थित उप निबंधक कार्यालय बदायूं में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव देखने को मिल रहा है। यहां सबसे बड़ी समस्या शौचालय की है। कार्यालय में तैनात प्रलेखकों और फरियादियों का कहना है कि पिछले कई सालों से शौचालय की हालत इतनी खराब है कि वहां जाना तक मुश्किल हो गया है।

सफाई और बुनियादी सुविधाओं का अभाव

कार्यालय में कार्यरत प्रलेखकों ने बताया कि शौचालय में न तो समय से सफाई होती है और न ही पानी, साबुन जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं। गंदगी और दुर्गंध के कारण कर्मचारी और रजिस्ट्री कराने आए लोग मजबूरी में परेशान होते हैं। इस समस्या को लेकर कई बार उच्च अधिकारियों को मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया गया, लेकिन व्यवस्था आज भी जस की तस बनी हुई है।

Budaun Encounter: डबल मर्डर का फरार आरोपी पुलिस एनकाउंटर में दबोचा गया, फायरिंग में कांस्टेबल भी लहूलुहान

नया शौचालय भी बेकार

सुविधा सुधारने के नाम पर कार्यालय परिसर में नए शौचालय का निर्माण तो कराया गया था। लेकिन देखरेख के अभाव में वह भी कुछ ही समय में गंदगी का अंबार बन गया। वर्तमान में दोनों शौचालयों की हालत एक जैसी है। अगर किसी को फ्रेश होने की जरूरत पड़ जाए तो गंदगी की वजह से लोग मजबूरन बाहर जाना पसंद करते हैं।

रजिस्ट्री कार्यालय में रोजाना सैकड़ों की संख्या में लोग जमीन, मकान और अन्य दस्तावेजों की रजिस्ट्री कराने आते हैं। कई बार बुजुर्ग और महिला फरियादी भी घंटों इंतजार करते हैं। ऐसे में शौचालय की बदहाली सबसे ज्यादा आम जनता को परेशान कर रही है।

Budaun News: खेत में काम करते-करते किसान के साथ हुआ ऐसा हादसा, अस्पताल पहुंचते ही सामने आई दर्दनाक सच्चाई

अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं

इस पूरे मामले पर उप निबंधक कार्यालय की तरफ से अब तक कोई स्पष्ट जवाब या कार्रवाई सामने नहीं आई है। कर्मचारियों का कहना है कि अगर समय रहते सफाई और रखरखाव की व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले समय में स्थिति और बिगड़ सकती है।

प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग

प्रलेखकों ने मांग की है कि शौचालय की व्यवस्था में तत्काल सुधार कराया जाए। नियमित सफाई कर्मी की तैनाती हो, पानी और अन्य आवश्यक सामान की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि कार्यालय आने वाले हर व्यक्ति को मूलभूत सुविधा मिल सके।

फिलहाल गंदगी से भरे शौचालय और अधिकारियों की उदासीनता के चलते उप निबंधक कार्यालय की छवि भी खराब हो रही है। फरियादियों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की मांग की है।

Location :  Budaun

Published :  23 July 2026, 12:00 PM IST

Related News

Advertisement