Chandauli News: नाली की बदहाल व्यवस्था से त्रस्त दुल्हीपुरवासी, बीमारियों के डर से सड़कों पर उतरे लोग

यूपी के चंदौली जनपद के दुल्हीपुर भीतरी बाजार की गलियों में घुसा गंदा पानी बना बीमारी का कारण, स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन पर लगाया लापरवाही के आरोप।

Updated : 1 July 2025, 3:54 PM IST
google-preferred

Chandauli: दुल्हीपुर भीतरी बाजार की गलियों में फैला जलभराव अब स्थानीय लोगों के लिए सिरदर्द बन गया है। नालियों की सफाई न होने और जल निकासी की उचित व्यवस्था के अभाव में गंदा पानी घरों के अंदर तक घुस गया है। हालात इतने बदतर हो गए हैं कि लोगों को अपने ही घरों में रहना दूभर हो गया है। गली-मोहल्लों में जमा पानी से उठ रही दुर्गंध, मच्छरों का प्रकोप और गंदगी से बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, इस गंभीर समस्या को लेकर मंगलावार को दर्जनों ग्रामीणों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। नाराजगी से भरे नारों के साथ लोगों ने क्षेत्रीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी स्थानीय निवासी बबलू यादव ने बताया कि, बीते कई दिनों से गलियों में पानी भरा है, बच्चों को स्कूल भेजना मुश्किल हो गया है। घरों में सीवर का पानी घुस रहा है। कई बुजुर्ग और बच्चे बीमार हो चुके हैं।

महिलाएं भी प्रदर्शन में शामिल रहीं। एक महिला ने आक्रोशित स्वर में कहा, हमने ग्राम प्रधान और वार्ड सदस्य से लेकर कई अधिकारियों को इस बारे में अवगत कराया लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। अब हम आंदोलन के लिए मजबूर हैं।

Waterlogging Issue in Chandauli

महिलाएं भी विरोध प्रदर्शन कर जताई नाराजगी

गंदे पानी से फैले संक्रमण का खतरा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, घरों के अंदर तक घुस चुके इस गंदे पानी ने उन्हें बीमारियों की चपेट में ला दिया है। इलाके में डेंगू, मलेरिया, स्किन इंफेक्शन और पेट से जुड़ी बीमारियां फैलने लगी हैं। स्थानीय चिकित्सकों के पास मरीजों की संख्या बढ़ रही है, जो इस जलभराव का सीधा असर है।

प्रशासनिक उदासीनता से नाराज ग्रामीण

ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या की जानकारी कई बार दी गई, लेकिन न तो कोई सफाई अभियान चलाया गया और न ही जल निकासी के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए गए। प्रदर्शन के दौरान एक भी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही नालियों की सफाई, जलनिकासी की व्यवस्था और मलबा हटाने का काम नहीं शुरू हुआ, तो वे मजबूरन सड़क जाम और तहसील घेराव जैसे कदम उठाएंगे।

क्या बोले ग्रामीण?

प्रदर्शन में शामिल बुजुर्ग राजकुमार यादव ने कहा, हर बार सिर्फ आश्वासन मिलता है, काम कुछ नहीं होता। अधिकारी फोटो खिंचवाकर चले जाते हैं। हमें अब ठोस कार्रवाई चाहिए, वरना गांव की जनता जवाब देना जानती है।

अब उम्मीदें जिलाधिकारी से

स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी चंदौली से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है ताकि जल्द से जल्द सफाई अभियान चलाकर स्थिति को सामान्य बनाया जा सके।

Location : 
  • Chandauli

Published : 
  • 1 July 2025, 3:54 PM IST