गाजियाबाद में जनगणना टीम को लेकर विवाद बना खूनी संघर्ष, प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली

गाजियाबाद में जनगणना टीम को घर ले जाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। पड़ोसी ने कथित तौर पर घर में घुसकर प्रॉपर्टी डीलर को गोली मार दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 23 May 2026, 8:11 PM IST
google-preferred

Ghaziabad: गाजियाबाद में जनगणना टीम को घर ले जाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। पड़ोसी ने कथित तौर पर घर में घुसकर प्रॉपर्टी डीलर को गोली मार दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। गंभीर हालत में घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जनगणना टीम को लेकर शुरू हुआ विवाद

घटना मोदीनगर क्षेत्र के जलालपुर रोड स्थित आदर्श कॉलोनी की है। प्रॉपर्टी डीलर वीरेंद्र त्यागी के मुताबिक शनिवार सुबह जनगणना कर्मचारी उनके घर पहुंचे थे और परिवार की जानकारी दर्ज की थी। इसके बाद कर्मचारियों ने कॉलोनी के अन्य घरों में भी सर्वे के लिए सहयोग मांगा।

करीब सुबह 9:30 बजे वीरेंद्र त्यागी जनगणना टीम को लेकर पड़ोसी रामपाल चौधरी के घर पहुंचे। आरोप है कि जनगणना टीम को अपने घर आता देख रामपाल चौधरी भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा।

डंडा लेकर दौड़ाया, फिर पुलिस को दी सूचना

आरोप है कि रामपाल चौधरी ने डंडा लेकर जनगणना कर्मचारियों और वीरेंद्र त्यागी को दौड़ा लिया। विवाद बढ़ता देख कर्मचारियों ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गया।

घर पहुंचकर सीने में मारी गोली

मामला यहीं शांत नहीं हुआ। आरोप है कि करीब 10 बजे रामपाल चौधरी बाइक से दोबारा वीरेंद्र त्यागी के घर पहुंचा। उसने दरवाजा खटखटाया और जैसे ही वीरेंद्र ने दरवाजा खोला, आरोपी ने तमंचे से उनके सीने में गोली मार दी।

गोली लगते ही वीरेंद्र जमीन पर गिर पड़े और घर में चीख-पुकार मच गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए।

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

घायल वीरेंद्र त्यागी को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बताया गया कि घर में उनकी पत्नी पूनम और चार वर्षीय बेटा केशव मौजूद थे।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि घायल के भाई ज्ञानेंद्र कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी रामपाल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

Location :  Ghaziabad

Published :  23 May 2026, 8:11 PM IST

Advertisement