शादी से इनकार या कोई और राज? छात्रा की संदिग्ध मौत के बाद प्रेमी समेत 3 पर केस, VIDEO बयान बना अहम सबूत

कन्नौज में कॉलेज जाने के बाद लापता हुई बीए छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने प्रेमी और उसके साथियों पर जहरीला पदार्थ देने का आरोप लगाया है। पिता की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 22 September 2026, 3:16 PM IST
google-preferred

Kannauj: कन्नौज के सदर कोतवाली क्षेत्र में कॉलेज जाने के बाद लापता हुई बीए की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने युवती के साथ प्रेम संबंध रखने वाले युवक और उसके साथियों पर उसे जहरीला पदार्थ देने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि उपचार के दौरान युवती ने वीडियो बयान में चूहे मारने की दवा खिलाए जाने की बात कही थी। युवती की मौत के बाद पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

18 सितंबर को कॉलेज गई थी युवती

मामला कुसुमखोर चौकी क्षेत्र के एक गांव का है। यहां रहने वाली युवती बीए की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक 18 सितंबर को वह रोज की तरह कॉलेज गई थी, लेकिन शाम तक वापस घर नहीं लौटी। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजनों का दावा है कि तलाश के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि माछा गांव निवासी राहुल उर्फ सुआपाल कुछ लोगों की मदद से युवती को कार में बैठाकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद परिवार ने राहुल से युवती को वापस घर भेजने की मांग की।

कन्नौज में सनसनीखेज वारदात: पशुओं के बाड़े में सो रहे बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या, गांव में सनसनी

दो दिन में वापस भेजने का भरोसा देने का आरोप

परिजनों के अनुसार राहुल ने युवती को दो दिन के भीतर घर भेजने का भरोसा दिया था। हालांकि, आरोप है कि इसके बावजूद युवती को वापस नहीं भेजा गया। इसके बाद 21 सितंबर को युवती को छिबरामऊ के जहानगंज तिराहे के पास छोड़ दिया गया। परिजन जब उसे घर लेकर पहुंचे तो उसकी हालत खराब थी। इसके बाद उसे उपचार के लिए गुरसहायगंज क्षेत्र में एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत

परिजनों के मुताबिक युवती को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवती की मौत के बाद परिवार ने मामले में उसके प्रेमी और अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि युवती ने उपचार के दौरान बातचीत में बताया था कि उसे चूहे मारने की दवा खाने के लिए दी गई थी। युवती के कथित वीडियो बयान में यह भी सामने आने की बात कही जा रही है कि राहुल ने शादी नहीं होने की बात कहते हुए दोनों से जहर खाने की बात कही थी, लेकिन बाद में उसने खुद जहरीला पदार्थ नहीं खाया।

आलू की कांवड़ लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गए सपाई, कन्नौज में प्रदर्शन से गरमाया माहौल, जानिए क्या है किसानों की मांग

दो साल से प्रेम संबंध होने का दावा

मृतका की बड़ी बहन ने राहुल और युवती के बीच करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध होने की बात कही है। परिजनों के मुताबिक राहुल पहले दिल्ली में नौकरी करता था और वर्तमान में इंदौर की एक निजी कंपनी में काम करता था। परिवार का आरोप है कि इसी संबंध के चलते युवती राहुल के संपर्क में थी। हालांकि, युवती की मौत की वास्तविक वजह और जहरीला पदार्थ दिए जाने के आरोप की पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पिता की तहरीर पर तीन के खिलाफ मुकदमा

मृतका के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में माछा गांव निवासी राहुल उर्फ सुआपाल, गुनाह गांव निवासी मोनू और राहुल के बेटे हर्षित को नामजद किया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक युवती के कथित वीडियो बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, उपलब्ध साक्ष्यों और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच की जा रही है।

Location :  Kannauj

Published :  22 September 2026, 3:16 PM IST

Related News

Advertisement