हिंदी
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार
Agra: रविवार देर रात को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस सड़क हादसे में महिला समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बच्चे सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भयावह था कि कार कंटेनर में पूरी तरह फंस गई और उसके परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने करीब आधे घंटे तक राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला और मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक कार में सवार सभी लोग बिहार से राजस्थान लौट रहे थे। कार में परमिला (31), पूजा कुमारी (32), राजू (35), अयांश (6) सहित कुल आठ लोग सवार थे। रविवार रात जैसे ही करीब दो बजे थाना फतेहाबाद क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 36.700 पर पहुंचते ही तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। घटना होते ही चीख पुकार मचने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को फोन किया और राहत बचाव कार्य शुरू किया।
हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए थे और कार कंटेनर से चिपक गई थी। पुलिस ने यह दृश्य देखा तो तुरंत कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन बुलाई। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर मौत हो चुकी थी।
इस सड़क हादसे में परमिला,राजू,कार चालक सोहेब ,पूजा कुमारी, अयाश गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें पुलिस ने तुरंत सीएचसी फतेहाबाद से भर्ती कराया और प्राथमिकी उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें आगरा के एसएन हॉस्पिटल भेज दिया गया।
लोगों के मुताबिक ड्राइवर को झपकी आने से यह भीषण हादसा हुआ है। झपकी लगते ही ड्राइवर कार रोकता उससे पहले ही आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गई। रविवार रात पौने 2 बजे एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 36 के फतेहाबाद थाना क्षेत्र में हादसा हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि किया सेल्टोस का आगे का हिस्सा पूरी तरह खत्म हो गया। गाड़ी की आधी छत तक उखड़ गई और तीन लोगों की मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि हादसे में महिला समेत तीन लोगों की मौत हुई है जबकि पांच लोग घायल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और शवों को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस फरार कंटेनर चालक की तलाश कर रही है।
Location : Agra
Published : 1 June 2026, 2:12 PM IST