‘प्रॉक्टर साहब कहां हैं?’ गोरखपुर में छात्रों ने लगा दिए गुमशुदगी पोस्टर, 2 रुपये इनाम ने खींचा सबका ध्यान

गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्र नेताओं ने अनोखे विरोध के तहत प्रॉक्टर और असिस्टेंट प्रॉक्टर के गुमशुदगी पोस्टर लगा दिए। छात्रों ने 2 रुपये इनाम की घोषणा भी की। विभिन्न मांगों को लेकर धरना और भूख हड़ताल कर रहे छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन का ध्यान खींचने के लिए प्रॉक्टर और असिस्टेंट प्रॉक्टर के ‘गुमशुदगी’ के पोस्टर लगा दिए।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 5 September 2026, 4:59 PM IST
google-preferred

गोरखपुर: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रों का विरोध प्रदर्शन शनिवार को अनोखे अंदाज में देखने को मिला। विभिन्न मांगों को लेकर धरना और भूख हड़ताल कर रहे छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन का ध्यान खींचने के लिए प्रॉक्टर और असिस्टेंट प्रॉक्टर के ‘गुमशुदगी’ के पोस्टर लगा दिए।

छात्र नेता सतीश प्रजापति समेत कई छात्र पिछले दो दिनों से विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के सामने धरना दे रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि लगातार आंदोलन के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा है।

'ढूंढने वाले को मिलेगा 2 रुपये का इनाम'

नाराज छात्र नेताओं ने प्रशासनिक भवन में प्रॉक्टर टीएन मिश्रा और असिस्टेंट प्रॉक्टर वेद प्रकाश राय के नाम से गुमशुदगी के पोस्टर चस्पा कर दिए।

पोस्टर में व्यंग्य करते हुए लिखा गया कि दोनों को ढूंढकर लाने वाले व्यक्ति को 2 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। प्रशासनिक भवन परिसर में लगाए गए इन पोस्टरों की चर्चा पूरे विश्वविद्यालय में रही।

छात्रों का आरोप- आंदोलन के बाद भी नहीं सुन रहा प्रशासन

धरने पर बैठे छात्रों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की जा रही है।

छात्र नेता सतीश प्रजापति ने कहा कि अधिकारियों की कथित अनदेखी के विरोध में उन्होंने यह अनोखा तरीका अपनाया है, ताकि प्रशासन का ध्यान उनकी समस्याओं की ओर जाए।

मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन

छात्र नेताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर विश्वविद्यालय प्रशासन गंभीरता से विचार नहीं करता, तब तक उनका धरना और आंदोलन जारी रहेगा।

वहीं, पोस्टर लगाए जाने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

Location :  Gorakhpur

Published :  5 September 2026, 4:59 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement