देवरिया में जीवनदायिनी नदियों की स्वच्छता के लिए चला अभियान, कैबिनेट मंत्री और डीएम ने लिया हिस्सा

अभियान के दूसरे दिन देवरिया की जिलाधिकारी दिव्या मित्तल भी इस मुहिम का हिस्सा बनीं और नदी की सफाई में योगदान दिया। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 18 May 2025, 3:32 PM IST
google-preferred

देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में जीवनदायिनी नदियों को कूड़े-कचरे से मुक्त करने का एक अनूठा अभियान शुरू हुआ है। इस अभियान की शुरुआत सूबे के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने की, जिसमें जिला प्रशासन और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रविवार को अभियान के दूसरे दिन देवरिया की जिलाधिकारी दिव्या मित्तल भी इस मुहिम का हिस्सा बनीं और नदी की सफाई में योगदान देकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अभियान का उद्देश्य नदियों को उनके मूल स्वरूप में लौटाना और पर्यावरण संतुलन को बनाए रखना है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, यह अभियान प्रयास फाउंडेशन के सहयोग से शुरू किया गया। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने नदी सफाई अभियान की शुरुआत करते हुए लोगों को नदियों के महत्व और उनकी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, स्वयंसेवी संगठन और बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों के निवासियों ने भी हिस्सा लिया। अभियान के तहत लगभग दो किलोमीटर तक नदी को पूरी तरह स्वच्छ किया गया। सफाई के दौरान नदी में जमा सिल्ट, कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक की थैलियां, जलकुंभी, घास और मछली-मांस के अवशेषों को बाहर निकाला गया। लोगों ने नदी के किनारे बने चौराहों पर दुकानदारों को भी कूड़ा-कचरा नदी में न फेंकने के लिए प्रेरित किया।

अभियान में दिखी जनसहभागिता

वहीं इस अभियान में जनसहभागिता का उत्साह देखते ही बना। लोगों ने न केवल सफाई में योगदान दिया, बल्कि संकल्प भी लिया कि वे भविष्य में नदियों में कूड़ा-कचरा नहीं फेंकेंगे। नदियों को जीवनदायिनी बताते हुए लोगों ने कहा कि ये नदियां हमें जल प्रदान करती हैं और मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। नदियों के बिना पर्यावरण और मानव जीवन का संतुलन बनाए रखना असंभव है। अभियान के दौरान लोगों ने नदियों के पुनर्जनन और उनके संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।

क्या बोली डीएम दिव्या मित्तल?

जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कहा कि नदियों की स्वच्छता न केवल पर्यावरण के लिए जरूरी है, बल्कि यह सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नदियों को स्वच्छ रखने के लिए नियमित रूप से ऐसे अभियानों में हिस्सा लें। अभियान में ग्राम प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष मुरारी मोहन शाही, जिला पंचायत सदस्य सुजीत प्रताप सिंह, जितेंद्र प्रताप राव, मंडल अध्यक्ष हरीश शाही, विनोद सिंह कुशवाहा, नवीन शाही, अनिल कुमार, अंबरीष मिश्रा, दयाशंकर शास्त्री, पिंटू, रामायण साहनी, रामाशीष प्रसाद, रविंद्र कुशवाहा, शुभम राय, डॉ. विंध्याचल मद्धेशिया, धर्मेंद्र गुप्ता, राहुल जायसवाल और रामायण सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

लोगों ने यह भी तय किया कि बरसात के मौसम में नदियों का पानी निर्बाध रूप से बहे, इसके लिए नियमित सफाई और जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।

Location : 

Published :