हिंदी
गर्मी से तप रहा यूपी (Img: Google)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी का असर तेज होने लगा है। कई जिलों में दोपहर के समय तेज धूप और बढ़ता तापमान लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 10 से 14 मार्च तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और धूप काफी तीखी महसूस होगी। आगरा में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जिससे लोगों को मई-जून जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है।
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक गोरखपुर, मेरठ, गाजियाबाद और प्रयागराज सहित कई जिलों में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। गर्मी के कारण दिन के साथ-साथ रातें भी धीरे-धीरे गर्म होने लगी हैं। कई शहरों में लोग अब पंखे और कूलर का इस्तेमाल करने लगे हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक तापमान आगरा में दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो हीटवेव की स्थिति के काफी करीब माना जा रहा है। वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो बुलंदशहर में 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
Weather Update: उत्तर भारत में बदला मौसम का मिजाज, कहीं बढ़ी गर्मी तो कहीं ठंड और बर्फबारी
राजधानी लखनऊ में 10 मार्च को मौसम साफ और धूप वाला रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। नोएडा में भी आसमान साफ रहेगा और तापमान 34 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह के समय हल्की ठंडी हवा महसूस होगी, लेकिन दिन में गर्मी बढ़ेगी। वहीं प्रयागराज में भी मौसम साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 11 से 14 मार्च तक प्रदेश में किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है और मौसम शुष्क ही रहेगा। हालांकि 15 मार्च के आसपास पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छा सकते हैं और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। इस दौरान 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।
गर्मी से तप रहा यूपी, लेकिन आने वाला है मौसम का नया ट्विस्ट! जानिए कब और कहां होगी बारिश?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले चार दिनों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अधिकतम तापमान में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
Location : Lucknow
Published : 10 March 2026, 9:11 AM IST
Topics : Rain up uttar pradesh weather Weather Update