जमीन के टुकड़े पर छिड़ी जंग! गोलियों की गूंज से कांपा गांव, परसेरा में लड़ाई का VIDEO वायरल

बदायूं के एक गांव में जमीन को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक ऐसे मोड़ पर पहुंच गया कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई। लाठी-डंडे, पथराव और ताबड़तोड़ फायरिंग के दावों के बीच लोग घरों में छिपने को मजबूर हो गए। घटना का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 24 June 2026, 6:52 PM IST
google-preferred

Budaun: जिले के बिसौली कोतवाली क्षेत्र स्थित परसेरा गांव में जमीन के पुराने विवाद ने बुधवार को ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि पूरा गांव कुछ समय के लिए रणक्षेत्र में बदल गया। दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे चले, जमकर पथराव हुआ और फायरिंग के भी गंभीर दावे सामने आए हैं।

घटना के दौरान गांव में चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। गोलियों की आवाज सुनकर लोग दहशत में अपने घरों के अंदर दुबक गए। कई परिवारों ने दरवाजे बंद कर लिए और बच्चे व बुजुर्ग भय के माहौल में घंटों घरों में कैद रहे।

100 से ज्यादा राउंड फायरिंग का दावा

प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों का दावा है कि संघर्ष के दौरान दोनों पक्षों की ओर से 100 से अधिक राउंड फायरिंग हुई। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बड़ी संख्या में लोग लाठी-डंडों के साथ एक-दूसरे पर हमला करते और पथराव करते दिखाई दे रहे हैं।

11 हजार वोल्ट की लाइन पर चढ़ा युवक! नीचे खड़ी रही भीड़, ऊपर चलता रहा घंटों हाईवोल्टेज ड्रामा

महिलाओं समेत कई लोग घायल

इस हिंसक संघर्ष में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक महिलाओं समेत एक दर्जन से अधिक लोगों को चोटें आई हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह हालात को नियंत्रित किया। घायलों को तत्काल बिसौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

गांव में भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन ने गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

नेपाल सीमा पर कद्दू बीज तस्करी का बड़ा नेटवर्क! रेंगहिया-शीतलापुर बना हब, कस्टम की भूमिका पर भी उठे सवाल

दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

बिसौली कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जमीनी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। फायरिंग के दावों की भी जांच कराई जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हुई है

Location :  Budaun

Published :  24 June 2026, 6:52 PM IST

Related News

Advertisement