Budaun News: अंधड़ से बचने के लिए ली पनाह, ढही इमारत के मलबे में दबकर हुई दर्दनाक मौत

बदायूं के बिसौली क्षेत्र में तेज तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई। पेड़ गिरने और कच्चे ढांचे ढहने से पांच लोगों की मौत हो गई। कई लोग उसी जगह मलबे में दब गए जहां उन्होंने तूफान से बचने की कोशिश की थी। ग्रामीण इलाकों में अफरा-तफरी और मातम छा गया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 14 May 2026, 11:34 AM IST
google-preferred

Budaun: बदायूं जिले के बिसौली तहसील क्षेत्र में बुधवार सुबह अचानक मौसम ने करवट ली। करीब 11 बजे से शुरू हुए तेज हवाओं और भारी बारिश के लगभग एक घंटे लंबे तूफान ने कई गांवों में भारी तबाही मचा दी। इस दौरान पेड़ गिरने और कच्ची दीवारें ढहने से पांच लोगों की मौत हो गई। सबसे दुखद पहलू यह रहा कि कई लोग उसी स्थान पर मलबे में दब गए, जहां उन्होंने तूफान से बचने के लिए शरण ली थी।

झोपड़ी ढही, मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत

सिद्धिपुर कैथोली गांव में कल्लो देवी अपनी बेटी नेहा और दो अन्य बच्चियों रजनी व मौसमी के साथ खेतों में काम करने गई थीं। अचानक आए तूफान से बचने के लिए सभी एक झोपड़ी में छिप गए, लेकिन तेज हवा के कारण झोपड़ी की दीवार ढह गई। मलबे में चारों लोग दब गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला, लेकिन रजनी और मौसमी की जान नहीं बच सकी।

पंप हाउस पर गिरा पेड़, महिला की मौत

फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के तारक परौली गांव में मेंथा के खेत में काम कर रहे लोग तूफान से बचने के लिए पंप हाउस में छिप गए। तभी एक बड़ा पेड़ उखड़कर पंप हाउस पर गिर पड़ा, जिससे वह पूरी तरह ढह गया। मलबे में दबकर अमर सिंह की पत्नी लक्ष्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

सड़क पर चल रहे डंपर चालक की जान गई

इसी तूफान के दौरान बुलंदशहर के अनूपशहर क्षेत्र के निवासी योगेश बजरी लेकर बिल्सी की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनका डंपर सोथ पुल परियोजना की अस्थायी सड़क पर पहुंचा, अचानक एक पेड़ वाहन पर गिर गया। हादसे में योगेश की मौके पर ही मौत हो गई।

खेत और बाड़ों में भी गिरा पेड़, एक और मौत

फतेहपुर गांव में छत्रपाल की पत्नी रामश्री की भी मौत हो गई जब मवेशियों के बाड़े पर नीम का पेड़ गिर पड़ा। वह उसी के नीचे दब गईं।

अस्पताल में इलाज के दौरान एक और मौत

गुलाबबाग निवासी अंशुल को मंगलवार शाम पेड़ गिरने से गंभीर चोटें आई थीं। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

Budaun Breaking: बरेली रोड पर असलहा दिखाकर 2 लाख की लूट, फरार बदमाशों की तलाश जारी

प्रशासन अलर्ट, नुकसान का आकलन जारी

घटना के बाद प्रशासनिक टीमों ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अचानक आए इस तूफान ने कई परिवारों को गहरा सदमा पहुंचाया है और पूरे इलाके में मातम का माहौल है।

Location :  Budaun

Published :  14 May 2026, 11:34 AM IST

Advertisement