हिंदी
बदायूं में तेज रफ्तार का कहर
Budaun: जनपद के उसहैत थाना क्षेत्र में शनिवार शाम करीब 5 बजे हनुमान तिराहे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया जिस में 55 वर्षीय महिला की जान चली गई। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों की भारी भीड़ तिराहे पर जमा हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान पृथ्वी नगला गांव निवासी लक्ष्मी देवी पत्नी जगन्नाथ के रूप में हुई है। वह साप्ताहिक बाजार से घर लौटने के लिए सब्जी खरीदने निकली थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दातागंज-म्याऊं मार्ग की तरफ से आ रहा ट्रक संख्या UP76K7901 अत्यधिक तेज गति से हनुमान तिराहे की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान सड़क पार कर रही लक्ष्मी देवी ट्रक की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह ट्रक के बंपर से टकराकर सड़क पर गिर गईं और ट्रक का अगला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के तुरंत बाद चालक ट्रक को रोककर मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने भीड़ को शांत कराया और ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बदायूं भेज दिया है। आरोपी चालक से पूछताछ की जा रही है और ट्रक को सीज कर दिया गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले में लापरवाही से वाहन चलाकर मौत का कारण बनने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
लक्ष्मी देवी के परिवार में पति जगन्नाथ के अलावा दो बेटे जयपाल, राजेंद्र और एक बेटी हैं। तीनों की शादी हो चुकी है। बेटे खेती और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
Location : Budaun
Published : 16 August 2026, 2:29 AM IST