हिंदी
पुलिस ने इनामी आरोपियों के घर पर चस्पा किया नोटिस
Budaun: अमर ज्योति यूनिवर्स लिमिटेड कंपनी द्वारा लोगों के साथ करोड़ों की ठगी और फर्जी खातों के जरिए गबन के मामले में फरार चल रहे तीन मुख्य आरोपियों पर बदायूं पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के घरों पर धारा 84 बीएनएस के तहत उद्घोषणा की तामील कराते हुए मुनादी कराई।
पुलिस के अनुसार, मोहल्ला कमंग्रान निवासी श्री अशद अहमद खान पुत्र जफर हुसैन की तहरीर पर अमर ज्योति यूनिवर्स लिमिटेड कंपनी के निदेशकों के खिलाफ तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि कंपनी ने फर्जी खाते खोलकर, फर्जी पासबुक और जाली दस्तावेज तैयार कर खाताधारकों की रकम का गबन किया।
इन मुकदमों में कंपनी के निदेशक शिकांत मौर्य, सूर्यकांत मौर्य और श्रीकांत मौर्य पुत्रगण नारायण सिंह, निवासी राधिका कुंज कॉलोनी, कटरा चांद खां, ईसाई की पुलिया, थाना बारादरी, बरेली को नामजद किया गया है।
तीनों आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रत्येक पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बदायूं ने धारा 84 बीएनएस के तहत उद्घोषणा जारी की थी।
दिनांक 16.05.2026 कोतवाली बदायूं के विवेचक अपराध निरीक्षक, थाना बारादरी पुलिस बरेली और गवाहों की मौजूदगी में आरोपियों के घरों पर उद्घोषणा चस्पा कर मुनादी कराई गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि आरोपी तय समय में माननीय न्यायालय में हाजिर नहीं होते हैं तो उनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
Location : Budaun
Published : 18 May 2026, 4:29 AM IST