हिंदी
पीड़ित परिवार
Budaun : जिले में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। थाना उसहैत क्षेत्र के खेड़ा जलालपुर पुख्ता गांव में एक ही परिवार पर तीसरी बार जानलेवा हमले का आरोप लगा है। पीड़िता रीना देवी ने बरेली जोन के आईजी को पत्र भेजकर कहा है कि जिले के अफसर सुन नहीं रहे हैं और हिस्ट्रीशीटरों पर अब तुरंत कठोर कार्रवाई की जाए। पीड़िता ने आशंका जताई है कि यदि इस बार भी कार्रवाई नहीं हुई तो उनके परिवार की जान को गंभीर खतरा हो सकता है।
बदायूं के थाना उसहैत क्षेत्र के खेड़ा जलालपुर पुख्ता में एक ही परिवार पर तीसरी बार जानलेवा हमले का आरोप लगा है। पीड़िता रीना देवी ने आईजी बरेली को पत्र भेजकर हिस्ट्रीशीटरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। @budaunpolice #budaun pic.twitter.com/g6tqYEGbnn
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 16, 2026
पूरा मामला बदायूं जिले के थाना उसहैत क्षेत्र के गांव खेड़ा जलालपुर पुख्ता का है। जहां एक ही परिवार पर लगातार हमलों से दहशत का माहौल बना हुआ है। पीड़िता रीना देवी पत्नी अशोक कुमार ने आरोप लगाया है कि 15 मई की शाम करीब 7:30 बजे जब वह घर में सामान्य काम कर रही थीं। तभी गांव के ही कुछ लोग हथियारों से लैस होकर घर में घुस आए और अचानक हमला कर दिया। आरोपियों में शिवम, अजीत, अंशुल, शारांश, मनबीर और कल्लू के नाम शामिल हैं।
पीड़िता ने पत्र कि आरोपियों के पास बंदूक, तमंचा और लाठी-डंडे थे। आरोप है कि घर में घुसते ही उन्होंने पहले पति और देवर के बारे में पूछा और जवाब न मिलने पर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद मारपीट की गई और महिला के साथ भी बदसलूकी की गई। आरोप है कि इस दौरान उसे धक्का देकर गिराया गया, कलाई मरोड़ दी गई और चेहरे पर घूंसे मारे गए। शोर सुनकर जब पति अशोक कुमार और देवर पहुंचे तो उन पर भी जानलेवा हमला किया गया।
हमले में अशोक कुमार के सिर में गंभीर चोट आई है जबकि देवर भी घायल हुआ है। पीड़िता ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है, बल्कि इसी परिवार पर तीसरी बार हमला किया गया है। इससे पहले 15 अप्रैल 2026 को भी जानलेवा हमले का मामला दर्ज है। इतना ही नहीं, आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले और गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई चल रही है, फिर भी लगातार हमले जारी हैं।
रीना देवी ने बरेली जोन के आईजी को भेजे पत्र में आरोप लगाया है कि स्थानीय स्तर पर शिकायतें देने के बावजूद कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने बताया कि जिले के अफसर सुन नहीं रहे हैं। जिससे आरोपियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पीड़िता ने साफ तौर पर मांग की है कि हिस्ट्रीशीटरों पर कठोरतम कार्रवाई की जाए और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
फिलहाल पुलिस के संज्ञान में मामला है और शिकायत के आधार पर जांच की बात कही जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Budaun
Published : 16 May 2026, 4:17 PM IST
Topics : Budaun crime news UP News UP Police