कौशांबी में कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ सड़क पर उतरा जेन अल्फा, छात्रों ने 20 सूत्रीय मांगों का सौंपा ज्ञापन

कौशांबी के शिवाजी इंटर कॉलेज में पेयजल, शौचालय, बिजली, पंखे और परीक्षा शुल्क से जुड़ी समस्याओं को लेकर छात्रों ने सड़क पर प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने 20 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 1 October 2026, 7:34 PM IST
google-preferred

Kaushambi: उत्तरप्रदेश के कौशांबी जिले के नेवादा ब्लॉक स्थित शिवाजी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सड़क पर प्रदर्शन किया। पेयजल, शौचालय, बिजली, पंखे और परीक्षा शुल्क समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर छात्रों ने कॉलेज से बाहर निकलकर नारेबाजी की। विद्यार्थियों ने प्रधानाचार्य और प्रबंधक पर समस्याओं के समाधान में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए।

गर्मी में पंखे और बिजली की व्यवस्था पर नाराजगी

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि कॉलेज में कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। भीषण गर्मी के दौरान पर्याप्त पंखे और बिजली की व्यवस्था नहीं होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके अलावा पेयजल और शौचालय की व्यवस्था को लेकर भी विद्यार्थियों ने नाराजगी जताई।

छात्रों का आरोप है कि इन समस्याओं के बारे में कॉलेज प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। परीक्षा शुल्क से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी विद्यार्थियों ने नाराजगी जताते हुए इसे लेकर उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाया।

ये भी पढ़ें: 38 करोड़ का ओवरब्रिज और भरभराकर गिरी सटरिंग: देवरिया के भटनी में बड़ा हादसा, जांच के आदेश

20 सूत्रीय मांगों का सौंपा ज्ञापन

नाराज विद्यार्थी कॉलेज से बाहर निकलकर सड़क तक पहुंचे और नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें उठाईं। इसके बाद छात्रों ने 20 सूत्री मांगों का ज्ञापन खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपा।

ज्ञापन में कॉलेज में पेयजल, शौचालय, बिजली और पंखों की समुचित व्यवस्था कराने के साथ परीक्षा शुल्क से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराने की मांग की गई है। छात्रों ने कहा कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

ये भी पढ़ें: Kanpur: खाकी पहनकर देश संभालने वाली बेटी ने घर लौटते ही क्यों गले लगाया फंदा? परिवार में छाया मातम

एसडीएम ने दिया समस्या समाधान का आश्वासन

मामले को लेकर एसडीएम चायल प्रेरणा गौतम ने बताया कि छात्रों से बातचीत की गई है और उनकी समस्याओं को समय रहते दूर करने का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने बताया कि बातचीत के बाद विद्यार्थी अपने शिक्षण कार्य के लिए वापस चले गए। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।

Location :  Kaushambi

Published :  1 October 2026, 7:34 PM IST

Advertisement