हिंदी
शव मिलने से हड़कंप (Image Source: Dynamite News)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं में 17 वर्षीय किशोर का जख्मी हालत में शव तालाब में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। किशोर की एक आंख फूटी हुई मिली, जबकि शरीर पर भी चोटों के निशान पाए गए। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया और हंगामा किया। मामला दातागंज थाना क्षेत्र के ग्राम नतिनीपुर का है। करीब 12 घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों की मदद से किशोर का शव तालाब से बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस घटना के बाद बदायूं में अपराध की स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जिले में चोरी और हत्या जैसी घटनाएं लगातार होने का दावा किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर अपराधियों के हौसले बुलंद होने और पुलिस का खौफ नहीं दिखने की बात भी सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, उमेश उर्फ सोनी पुत्र रामनारायण गांव के ऋषिपाल की आटा चक्की पर गेहूं पिसाने गया था। आरोप है कि वहां बाट चोरी का आरोप लगाकर चक्की मालिक ऋषिपाल के बेटे मुनेंद्र ने अपने पिता और भाइयों के साथ मिलकर किशोर की बेरहमी से पिटाई की।
एक आंख फूटी और शरीर पर चोट के निशान (Image Source: Dynamite News)
बलरामपुर में बड़ा हादसा, श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी; 13 लोग घायल, कई गंभीर
परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों के मुताबिक, मारपीट के दौरान किशोर की आंख पर भी वार किया गया। बताया गया है कि जान बचाने के लिए उमेश मौके से भागा और तालाब में छलांग लगा दी। इसी दौरान उसे डूबता देखकर उसका दूसरा भाई भी बचाने के लिए तालाब में कूद गया। हालांकि, वह भी पानी में डूबने लगा। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह उसे बचा लिया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तालाब में किशोर की तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसका कोई सुराग नहीं लग सका, इसके बाद बुधवार सुबह गोताखोरों को बुलाया गया।
मंगलवार शाम हुई घटना के बाद बुधवार सुबह गोताखोरों ने तालाब में तलाश शुरू की। करीब 12 घंटे की मशक्कत के बाद किशोर का शव बाहर निकाला जा सका। गोताखोरों के मुताबिक, शव पर मिले चोटों के निशान किसी जलीय जीव के हमले से बने हुए नहीं, बल्कि चोट लगने के प्रतीत हो रहे हैं। किशोर की एक आंख फूटी मिलने और शरीर पर चोटों के निशान होने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह का ट्रेड कंफर्म! 18-18 करोड़ में बदली दोनों की टीमें
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किशोर की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
वहीं, पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी तक उसे कोई लिखित प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। दूसरी ओर, परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Location : Budaun
Published : 11 November 2026, 3:06 PM IST