बलरामपुर में बड़ा हादसा, श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी; 13 लोग घायल, कई गंभीर

बलरामपुर में मूर्ति विसर्जन से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप जीप अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में तीन बच्चों समेत 13 लोग घायल हुए हैं। नौ की हालत गंभीर है। डीएम ने बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। सांसद ने घायलों के लिए पांच-पांच लाख रुपये मुआवजे की मांग की है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 11 November 2026, 2:57 PM IST
google-preferred

Balrampur: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जनपद में बुधवार दोपहर को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां मूर्ति विर्सजन के दौरान एक पिकअप गाड़ी पलटने से 3 बच्चों समेत 13 श्रद्धालुओं घायल हो गये। जानकारी के मुताबिक, खरदौरा गांव के रहने वाले श्रद्धालु मंगलवार देर रात मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पिकअप जीप से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और पिकअप सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई।

मूर्ति विसर्जन के बाद घर लौट रहे थे श्रद्धालु

यह हादसा बलरामपुर के गैसड़ी थाना क्षेत्र में बढ़नी राजमार्ग पर हुआ। हादसा इतना अचानक हुआ कि जीप में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। वाहन पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों की मदद के लिए मौके पर पहुंच गए।

बलरामपुर में टायर विवाद के बाद ट्रक मालिक की थाने में बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान मौत; दो सिपाही निलंबित

तीन बच्चों समेत 13 लोग हुए घायल

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पिकअप में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में रामसागर (18), अमर (15), दुर्गेश विश्वकर्मा (27), बरसाती (27), अंकुश (14), राजन (19), उमेश (18), सिद्धार्थ (10) और मनोज (37) समेत कुल 13 लोग घायल हुए हैं। इनमें नौ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। जिला अस्पताल में इलाज के बाद सिद्धार्थ, मनोज और दुर्गेश की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

डीएम और सांसद पहुंचे अस्पताल

हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन भी सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी विपिन जैन ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और प्रशासन की ओर से हर संभव मदद की जाएगी।

वहीं, सांसद राम शिरोमणि वर्मा भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए सरकार से मांग की कि हादसे में घायल सभी श्रद्धालुओं को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए।

Location :  Balrampur

Published :  11 November 2026, 2:53 PM IST

Advertisement