हिंदी
बदायूं में दर्दनाक हादसा (Img: Dynamite News)
Budaun: बदायूं के मुजरिया क्षेत्र जिला पंचायत द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण के दौरान बने गहरे गड्ढे में भरे बारिश के पानी ने एक घर का चिराग बुझा दिया। थाना मुजरिया क्षेत्र के गांव मुरसान में 12 वर्षीय किशोर रोहित की डूबने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों के अनुसार जिला पंचायत की ओर से गांव में सड़क निर्माण के लिए कुछ दिन पहले मिट्टी डाली गई थी। मिट्टी खोदने के कारण सड़क किनारे काफी गहरा गड्ढा बन गया था। पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण उस गड्ढे में पानी भर गया था।
ये भी पढ़ें - Budaun: अरिल नदी में युवकों की मस्ती मातम में बदली, घंटों बाद मिली दिल दहला देने वाली खबर
रोहित अपने दोस्तों के साथ घर के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह उसी गड्ढे के पास पहुंच गया और पैर फिसलने से सीधे गहरे पानी में चला गया। जब तक आसपास के लोग दौड़कर पहुंचते, तब तक काफी देर हो चुकी थी। किशोर को बाहर निकाला गया लेकिन उसकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना की सूचना मिलते ही मुजरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बुधवार सुबह करीब 10 बजे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय बदायूं भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिला पंचायत से निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा उपाय न अपनाने को लेकर रिपोर्ट मांगी गई है।
ये भी पढ़ें - Budaun: कांवड़ मेले में अवैध वसूली का पर्दाफाश, पूर्व चेयरमैन और उनकी पत्नी पर आरोप
मृतक रोहित कक्षा 6 का छात्र था। घर में सबसे छोटा और सबसे लाडला था। पिता खेती करते हैं। शव घर पहुंचने पर मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान गड्ढे के चारों ओर न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी का बोर्ड लगाया गया था। ग्रामीणों ने भी मांग की है कि ऐसे गड्ढों को तुरंत भरा जाए ताकि भविष्य में कोई और हादसा न हो।
गांव वालों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए और जिम्मेदार ठेकेदार व विभागीय अधिकारियों पर कार्रवाई हो। साथ ही गांव में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की सुरक्षा जांच कराई जाए।
Location : Budaun
Published : 19 August 2026, 12:19 PM IST
Topics : Budaun News UP News UP Police