Budaun: कांवड़ मेले में अवैध वसूली का पर्दाफाश, पूर्व चेयरमैन और उनकी पत्नी पर आरोप

बदायूं के कछला कांवड़ मेला क्षेत्र में आस्था के नाम पर अवैध वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पार्किंग शुल्क के नाम पर श्रद्धालुओं से जबरन पैसे वसूले जा रहे थे। पुलिस ने बैरियर नंबर दो के पास कार्रवाई करते हुए दो युवकों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 19 August 2026, 1:30 AM IST
google-preferred

Budaun: जनपद के उझानी कोतवाली क्षेत्र के कछला कांवड़ मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आस्था से खिलवाड़ करते हुए ‘पार्किंग शुल्क’ के नाम पर अवैध वसूली का बड़ा मामला सामने आया है। थाना उझानी पुलिस ने बैरियर नंबर दो के पास से दो युवकों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि ये दोनों कछला के पूर्व चेयरमैन और उनकी पत्नी के इशारे पर काम कर रहे थे और प्रत्येक मोटरसाइकिल से 50 रुपये जबरन वसूल रहे थे।

गश्त के दौरान पकड़े गए आरोपी

उपनिरीक्षक अविनाश पुण्डीर अपनी टीम कांस्टेबल लक्ष्मण और रविन्द्र सिंह के साथ मेला क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान अस्थायी बैरियर नंबर दो के पास और निर्माणाधीन बाईपास की ओर दो संदिग्ध युवक बाइक सवार कांवड़ियों को रोककर धमकाते नजर आए। पुलिस के पहुंचते ही दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें दबोच लिया गया। तलाशी में पुलिस को चौंकाने वाले सबूत मिले।

बरामद हुआ सामान

पकड़े गए पहले आरोपी की पहचान देवेन्द्र, निवासी वार्ड नंबर सात कछला के रूप में हुई। उसके पास से ‘जय श्री राधे कृष्णा’ नाम से छपी एक रसीद बुक, दो भरी हुई रसीद बुक की कार्बन प्रतियां और 700 रुपये नकद मिले। दूसरे आरोपी का नाम मिथुन चौहान, निवासी वार्ड नंबर सात कछला बताया गया। उसके पास से भी एक रसीद बुक, दो कार्बन प्रतियां और 550 रुपये नकद बरामद हुए। कुल मिलाकर पुलिस ने 1250 रुपये नकद और 6 रसीद बुक कब्जे में ली हैं।

पूर्व चेयरमैन दंपति पर लगा आरोप

पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि उन्हें यह काम कछला निवासी रेखा पत्नी नरेश यादव, नरेश यादव जो पूर्व चेयरमैन हैं, और ‘मोटे’ उर्फ उधल ने सौंपा था। आरोपियों के मुताबिक उन्हें 500-500 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से रखा गया था और निर्देश था कि हर मोटरसाइकिल से रसीद काटकर 50 रुपये वसूलने हैं।

बदायूं में जलाभिषेक कर घर लौट रहे थे कांवड़िए, तभी तेज रफ्तार कार ने बाइक को रौंदा! 4 घायल, 3 की हालत गंभीर

पुलिस को नहीं दिखा सके

पुलिस ने जब उनसे पार्किंग का लाइसेंस या नगर पालिका का अनुमति पत्र मांगा तो वे कोई कागज नहीं दिखा सके। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि एक कांवड़िए को उन्होंने धमकाते हुए कहा था: "मोटरसाइकिल यहीं खड़ी करके पैसे देकर जाओ, नहीं तो चोरी करवा देंगे।"

जांच शुरू

उपनिरीक्षक अविनाश पुण्डीर की तहरीर पर दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) जबरन वसूली और 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। विवेचना उपनिरीक्षक शिव कुमार मलिक को सौंपी गई है।

बदायूं में भीषण सड़क हादसा: एंबुलेंस-टेंपो की जोरदार टक्कर में 2 की मौत, 2 गंभीर; चीख-पुकार से गूंजा इलाका

पुलिस का बयान

थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं से किसी भी प्रकार की अवैध वसूली कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पार्किंग, प्रसाद या किसी अन्य नाम पर अवैध रूप से रुपये मांगने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मेले में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और गश्त बढ़ा दी गई है।

Location :  Budaun

Published :  19 August 2026, 1:28 AM IST

Related News

Advertisement