हिंदी
बदायूं में बड़ा हादसा (Img: Dynamite News)
Budaun: बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के दौंरी गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। बकरी चराने जंगल गए 16 वर्षीय किशोर की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया।
मृतक की पहचान भारत पुत्र रामदास निवासी दौंरी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार भारत रोज की तरह सुबह घर से बकरियां लेकर पास के जंगल की तरफ गया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जंगल में झाड़ियों के बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार नीचे लटका हुआ था। इसी दौरान भारत उसकी चपेट में आ गया और करंट लगने से वह झुलस गया।
ये भी पढ़ें - Budaun: ऑपरेशन के खर्च पर ऐसा क्या हुआ कि रामा हॉस्पिटल में मच गया हंगामा?
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और झुलसे हालत में भारत को लेकर आनन-फानन में बदायूं जिला अस्पताल पहुंचे। इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
भारत चार भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार के लोगों ने बताया कि दूसरे नंबर का भाई भी करीब एक साल पहले बीमारी के कारण चल बसा था। अब घर के चिराग बुझ जाने से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का लग रहा है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके साथ ही जंगल में पड़े हाईटेंशन लाइन और बिजली विभाग की लापरवाही की भी जांच की जाएगी।
ये भी पढ़ें - Budaun: सड़क पार कर रहे मानसिक रूप से बीमार बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने रौंदा, परिवार में छाया मातम?
गांव वालों ने बिजली विभाग से मांग की है कि जंगल और आबादी वाले क्षेत्रों से गुजर रही जर्जर लाइनों की मरम्मत कराई जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Budaun
Published : 29 July 2026, 6:25 PM IST
Topics : Badaun News Civil Lines police crime news UP News