हिंदी
लाठी-डंडों से पीटकर गाड़ी में डालने का आरोप
Budaun: जिला में किन्नर समाज के दो गुटों के बीच चल रहा विवाद मंगलवार को उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब उझानी से मुकदमे की पैरवी कर लौट रहे रज्जो किन्नर गुट पर बीच हाईवे पर हमला कर दिया गया। लालपुल बड़ी ज्यारत के पास हुई इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट के साथ कुछ किन्नरों को जबरन गाड़ी में डालकर ले जाने का आरोप भी लगा है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार रज्जो किन्नर अपने गुट के साथ उझानी कोतवाली में एक मुकदमे की पैरवी करके बोलेरो कार से वापस लौट रही थीं। तभी रास्ते में बरेली-मथुरा हाईवे पर लालपुल बड़ी ज्यारत के पास पहले से घात लगाए बैठे दूसरे गुट ने उन पर हमला कर दिया।
आरोप है कि उझानी निवासी सना किन्नर के गुट ने अपने साथ आए लोगों के साथ मिलकर गाड़ी को घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया। बीच सड़क पर हुई मारपीट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने कुछ किन्नरों को जबरन गाड़ी में डालकर अपने साथ ले जाने की भी कोशिश की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों गुटों के बीच पिछले दो दिनों से तनाव चल रहा था। इसी रंजिश के चलते यह हमला किया गया, जिसे पीड़ित पक्ष ने जानलेवा बताया है। हमले में रज्जो किन्नर गुट के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं और कुछ की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घायल लोगों को सड़क पर पड़े देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। सूत्रों के अनुसार हमलावर कई गाड़ियों में सवार होकर आए थे और पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार हो गए।
UP Crime News: गोरखपुर के रामगढ़ ताल में अज्ञात शव बरामद, इलाके में मची सनसनी
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भारी संख्या में मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना की सटीक जानकारी मिल सके। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि दोबारा कोई तनाव की स्थिति न बने। इस घटना के बाद किन्नर समाज में भी आक्रोश देखा जा रहा है और सुरक्षा की मांग की जा रही है।
Location : Budaun
Published : 18 February 2026, 11:38 PM IST
Topics : Budaun Crime Budaun Police Budaun News UP News UP Police